दरभंगा में मूक-बधिर दुल्हन से दरिंदगी, घर में अकेली पाकर तीन युवकों ने की गंदी हरकत
दरभंगा के कुशेश्वरस्थान में एक मूक-बधिर विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने इलाके को झकझोर दिया। पुलिस ने ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संवाद सहयोगी, कुशेश्वरस्थान (दरभंगा)। घर में अकेली मूक-बधिर विवाहिता के साथ हुई गंभीर घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। पति और सास भी मूक-बधिर होने के कारण पीड़िता अपनी पीड़ा तत्काल शब्दों में नहीं बता सकी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है।
घर में अकेली थी विवाहिता
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह पीड़िता का पति राजमिस्त्री के साथ काम करने के लिए बगल के गांव गया था। उसकी सास भी जलावन चुनने के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान पीड़िता घर में अकेली थी।
तीन युवकों पर आरोप
बताया गया कि सुबह करीब 11 बजे पीड़िता घर के पीछे शौचालय की ओर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के जगदीश पोद्दार, रामपृत यादव और देव नारायण यादव ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद तीनों वहां से फरार हो गए।
सास को दी जानकारी
कुछ देर बाद सास घर लौटी तो पीड़िता ने उसे घटना की जानकारी दी। शाम को पति के घर पहुंचने पर उसे भी पूरे मामले के बारे में बताया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने दो को दबोचा
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी साक्षी कुमारी, डीएसपी प्रभाकर तिवारी और थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जगदीश पोद्दार और रामपृत यादव को गिरफ्तार कर लिया। तीसरा आरोपित देव नारायण यादव फरार है।
तीसरे आरोपित की तलाश
एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पीड़िता से मिली जानकारी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है।
