विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा का बढ़ेगा दायरा, 186 गांव होंगे शहर का हिस्सा, बनेगा नया मास्टर प्लान

Published: Mon, 20 Jul 2026 03:38 PM (IST)

दरभंगा शहर का दायरा बढ़कर 191.68 वर्ग किलोमीटर होगा, जिसमें आसपास के 186 राजस्व गांवों को शामिल किया जाएगा। अगले ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. दरभंगा शहर का क्षेत्रफल बढ़कर 191.68 वर्ग किलोमीटर होगा।

  2. पांच प्रखंडों के 186 राजस्व गांव शहर में शामिल होंगे।

  3. अगले 20 वर्षों के लिए जीआईएस आधारित मास्टर प्लान बन रहा।

जागरण संवाददाता, दरभंगा। जिला आयोजना क्षेत्र के लिए तैयार किए जा रहे जीआइएस आधारित मास्टर प्लान के संबंध में समीक्षा एवं सुझाव के बाद दरभंगा शहर के दायरे को बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

सरकार ने जो खाका तय किया है, उसमें अब शहर का कुल क्षेत्रफल 191.68 वर्ग किलोमीटर का होगा। शहर से सटे पांच प्रखंडों दरभंगा, केवटी-रनवे, बहादुरपुर, हनुमाननगर, हायाघाट कुल राजस्व ग्राम 186 और दरभंगा नगर निगम को शामिल किया गया है। वर्ष 2019 में दरभंगा जिला आयोजना क्षेत्र की अधिसूचना जारी की गई थी।

मास्टर प्लान तैयार करने के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से टेकमेक इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड का चयन किया गया है। मिथिला ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप का कुल क्षेत्रफल लगभग 17,400 एकड़ है।

जिसमें 102 राजस्व ग्राम शामिल किए गए हैं। इनमें दरभंगा सदर प्रखंड के 84, बहादुरपुर के 89 ग्राम, हनुमाननगर के 11 केवटी रनवे 48 और हायाघाट प्रखंड के दो राजस्व गांव सहित कुल 243 गांव के लोग लाभंवित होंगे। 

जबकि कोर एरिया लगभग 1,600 एकड़ निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य विभिन्न विभागों से प्रस्तावित विकास कार्यों, आधारभूत संरचना, सार्वजनिक सुविधाओं, परिवहन, जलापूर्ति, सीवरेज, नाला, विद्युतीकरण, बाजार, पार्किग आवास, हरित क्षेत्र, सामाजिक अवसंरचना तथा भविष्य की योजनाओं के संबंध में सुझाव प्राप्त करना है, ताकि मास्टर प्लान अधिक व्यावहारिक एवं जनहितकारी बन सके।

पांच प्रखंडों के इन गांवों को किया गया है शामिल

उत्तर में सदर प्रखंड के बिजुली, भुसकौल, बलहा से होते हुए केवटी प्रखंड के रनवे, धोवगांव, हरपुर, बरही खेराज, मरदन सह, ननौरा, हनुमाननगर, शेक्षपुर, असरपुर से हाते हुए मोहन मठ के इलाके को शामिल किया गया है।

वहीं दक्षिण व पूर्वी भाग में बहादुरपुर प्रखंड के अहमद सुजानवाल, सेंदौरा गौपाल, अहियापट्टी,किशनुपर, डरहार, रामपुर मदन, रामनगर सहित हायाघाट प्रखंड के हाजीपुर, बीरपपट्टी, हाजीपुर, मुहम्मदपुर, सिहौरा से लेकर जगतपुर तक के कई गांवों को शामिल किया गया है।

पूरब दिशा में सदर प्रखंड के खरथुआ, भवानीपुर, गौसा, खुसार, देवनी, धोई सहित बहादुरपुर के खराजपुर छपरार, कुशौथर, कमलापट्टी,बली असली, चक्का, सिनुआर गोपाल, दक्षिण अहमद से सुजवाल तक के इलाके को शामिल किया गया है।

पश्चिम में बहादुरपुर के बिरान शाहपुर, बस्ती, मनियारी, रामपुर, दखली, मनहौली व हनुमाननगर प्रंखड के मदनपुर, मुस्तुफापुर होते हुए बहादुरपुर के चांडडीह, चतरिया, जलवार, शाहपुर, बरहेता से जगतपुर तक राजस्व गांव को नक्शा में शामिल किया गया है।

दरभंगा नगर निगम एवं उसके आसपास के महत्वपूर्ण ग्रामीण एवं संभावित शहरी क्षेत्रों के समेकित, संतुलित एवं सुनियोजित विकास के लिए अगले 20 वर्षों अथवा उससे अधिक अवधि को ध्यान में रखते हुए जीआइएस आधारित मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख विकास क्षेत्रों को मास्टर प्लान में शामिल किया जा रहा है।
कौशल कुमार, जिलाधिकारी, दरभंगा।