विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में नवजात की मौत का गम लेकर घर लौट रही थी मां, रास्ते में पलट गई एंबुलेंस, तीन लोग घायल

Published: Thu, 03 Sep 2026 07:05 PM (IST)

दरभंगा के घनश्यामपुर में डायल 102 एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें प्रसूता समेत तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

संवाद सहयोगी, दरभंगा/घनश्यामपुर। घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के बिरौल-कुशेश्वरस्थान एसएच स्थित विशनपुर चौक के निकट गुरुवार की सुबह डायल 102 की एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

हादसे में प्रसूता समेत तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। एंबुलेंस चालक और टीएमसी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्निशियन) बाल-बाल बच गए।

मां और नानी भी हुईं घायल

घायलों की पहचान सहरसा जिले के महिषी थाना क्षेत्र के कुम्हारा बेलाही गांव निवासी मो. सोहित की पत्नी अमीना खातून (20), उनकी मां मो. शहाबुद्दीन की पत्नी रवीना खातून (40) और नानी मो. निजात की पत्नी गुलेशा खातून (65) के रूप में हुई है।

हादसे में तीनों को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय पुलिस की मदद से सभी को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कालेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) लाया गया।

प्रसव के बाद डीएमसीएच किया गया था रेफर

जानकारी के अनुसार, अमीना खातून को प्रसव के लिए सहरसा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद नवजात की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया। इसके बाद स्वजन एंबुलेंस से नवजात और अमीना को लेकर दरभंगा के लिए रवाना हुए।

रास्ते में नवजात की मौत

डीएमसीएच पहुंचने से पहले ही रास्ते में नवजात की मौत हो गई। नवजात की मौत के बाद स्वजन अमीना को लेकर उसी एंबुलेंस से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान विशनपुर चौक के समीप एंबुलेंस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई।

पुलिस कर रही दुर्घटना की जांच

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजने में मदद की। घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि एंबुलेंस किस परिस्थिति में अनियंत्रित होकर पलटी, इसकी जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।