दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचने का सफर होगा आसान, एनएच-27 पर बनेगा ट्रम्पेट इंटरचेंज
दरभंगा एयरपोर्ट के नए सिविल एन्क्लेव को NH-27 से जोड़ने के लिए 4.18 किमी फोरलेन एप्रोच पथ और ट्रम्पेट इंटरचेंज ...और पढ़ें
-1782906157426_m.webp)
एनएच के अधिकारियों के साथ परियोजना स्थल का निरीक्षण करते डा. गोपालजी ठाकुर।
HighLights
NH-27 पर 4.18 किमी फोरलेन एप्रोच पथ बनेगा।
ट्रम्पेट इंटरचेंज और फ्लाईओवर से यातायात सुगम होगा।
परियोजना पर लगभग 516.15 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
जागरण संवाददाता, दरभंगा । बिहार में दरभंगा एयरपोर्ट के नए सिविल एन्क्लेव को बेहतर सड़क संपर्क देने के लिए एनएच-27 पर लगभग 4.18 किलोमीटर लंबे फोरलेन एप्रोच पथ और प्रस्तावित फ्लाईओवर ट्रम्पेट इंटरचेंज का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 516.15 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
सांसद ने किया स्थल निरीक्षण
सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा. गोपालजी ठाकुर ने एनएच के अधिकारियों के साथ परियोजना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही एनएच-27 के नवीनीकरण कार्य का भी जायजा लिया और गुणवत्ता तथा धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई।
440 करोड़ भूमि अधिग्रहण पर होंगे खर्च
डा. गोपालजी ठाकुर ने बताया कि एप्रोच पथ के लिए भूमि अधिग्रहण पर अनुमानित 440 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
वहीं 4500 वर्ग फीट के फ्लाईओवर (ट्रम्पेट इंटरचेंज) के निर्माण के लिए 76.15 करोड़ रुपये का प्रस्ताव मंत्रालय को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसकी स्वीकृति मिलने के बाद सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी।
लोगों को जाम से मिलेगी राहत
उन्होंने कहा कि एनएच-27 से एयरपोर्ट तक बनने वाला फ्लाईओवर भारी ट्रैफिक के बीच भी चारों दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा देगा। बढ़ते यातायात को देखते हुए इस पहुंच पथ और फ्लाईओवर का डिजाइन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार कर मंत्रालय को भेजा गया है।
अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को ध्यान में रखकर योजना
एनएच-27 के किनारे दरभंगा एयरपोर्ट का नया टर्मिनल भवन बनाया जा रहा है और इसे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है।
भविष्य में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए केंद्र सरकार ने एनएच-27 पर ट्रम्पेट इंटरचेंज निर्माण की स्वीकृति दी है।
ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एनएच मुजफ्फरपुर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आशुतोष कुमार, सहायक अभियंता बिजेंद्र कुमार, दरभंगा एयरपोर्ट के डायरेक्टर डा. दिलीप कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
