विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में जंगली जानवर को बचाने में बाइक सवार की मौत, मासूम बच्चा भी दुर्घटना का शिकार

By Sadare Alam Edited By: Dharmendra Singh
Published: Thu, 12 Mar 2026 08:50 PM (IST)

दरभंगा में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। सिंहवाड़ा में जंगली जानवर को बचाने के ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

संवाद सहयोगी, सिंहवाड़ा (दरभंगा) । कलिगांव-बिरौल पथ में पुल स्थित गुरुवार को सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया जाता है कि कलिगांव निवासी के विष्णु पासवान के पुत्र रामअशीष पासवान (25) अपनी बाइक से घर लौट रहा था।

इस बीच अचानक आए जंगली जानवर को बचाने में वह अपना नियंत्रण खो दिया और बाइक एक पेड़ से टकराकर गड्ढे में जाकर पलट गई। इसमें रामअशीष की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, लोगों ने उसे उठाकर सीएचसी, सिंहवाड़ा ले गए।

जहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. प्रेमचंद प्रसाद ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को शव सौंप दिया गया है।

सड़क दुर्घटना में मासूम की मौत, स्वजन में कोहराम

बेनीपुर । बहेड़ा थाना क्षेत्र के डखराम गांव में बुधवार की देर रात अज्ञात वाहन की ठोकर से एक बच्चे की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतक की पहचान डखराम निवासी अशोक पासवान के पांच वर्षीय इकलौता पुत्र अनुज पासवान के रूप में की गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि अनुज अपने स्वजनों के साथ भोज खाकर घर आ रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप ठोकर मारकर फरार हो गया, जिससे मासूम बच्चे की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।

अनुज की मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि उनके घर में भी आगामी 13 मार्च को किसी की शादी होने वाली थी। घर में जश्न का माहौल था, जो एक झटके में ही मातम में बदल गया।