सेविका बहाली में गड़बड़ी को लेकर माकपा का प्रदर्शन
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी हनुमान नगर प्रखंड इकाई की ओर से विभिन्न पंचायतों में आंगनबाड़ी सेविका सहायिका बहाली में हुई गड़बड़ी की जांच की मांग को लेकर गुरुवार को आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया गया।
दरभंगा । भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी हनुमान नगर प्रखंड इकाई की ओर से विभिन्न पंचायतों में आंगनबाड़ी सेविका सहायिका बहाली में हुई गड़बड़ी की जांच की मांग को लेकर गुरुवार को आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को भी नहीं छोड़ा और उनके सामने भी जमकर नारेबाजी की। इससे पूर्व प्रदर्शनकारी पोलो मैदान स्थित धरना स्थल से लाल झंडा लहराते आयुक्त कार्यालय से टावर होते हुए समाहरणालय तक जुलूस निकाला। धरना स्थल पर प्रदर्शनकारियों की सभा को संबोधित करते हुए श्याम भारती ने कहा कि अडैला पंचायत के वार्ड नंबर 16 में अवस्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बहुलता अति पिछड़ी जाति की है। मगर इस जाति की बहुलता को दिखाकर कार्यक्रम पदाधिकारी ने प्रभावशाली व्यक्ति के परिवार के सदस्य को सेविका के पद पर बहाल कर दिया है। इसमें पैसे का खेल हुआ है। इसी प्रकार अन्य वार्डों में भी पैसे के बल पर सेविका सहायिकाओं की बहाली की गई है। विकलांग महिला ज्योति कुमारी को भी बहाल नहीं किया गया है। सभा को संबोधित करते हुए उमेश राय ने आरोप लगाया कि जिला प्रोग्राम कार्यालय से लेकर प्रखंड कार्यालय तक समेकित बाल विकास परियोजना में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी कभी इसको सहन नहीं करेगी। सभा को सुधीर पासवान, रामनाथ राम, शत्रुध्न महतो, विनोद शर्मा, नीरज कुमार, रमेश पासवान, भोला राम, महंत साहनी, कौशल्या देवी, दुर्गा देवी आदि ने भी संबोधित किया। प्रदर्शनकारियों का संज्ञान लेते हुए जिला पदाधिकारी ने एक प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद वार्ता में निर्णय हुआ कि सेविका सहायिका के चयन में अनियमितता की शिकायत की जांच एक समिति करेगी। इस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक लौट गए।