गोल्ड मेडल पाकर छात्रों के हौसलों को मिले पंख
दरभंगा। कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय में गुरुवार को आयोजित सातवें दीक्षा समारोह में वर्ष 2019 के सर्वोच्च अंक पाने वाले आठ छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया।
दरभंगा। कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय में गुरुवार को आयोजित सातवें दीक्षा समारोह में वर्ष 2019 के सर्वोच्च अंक पाने वाले आठ छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया। गोल्ड मेडल पाते ही छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। राज्यपाल के हाथों पदक पाकर वे खुशी से फूले नहीं समा रहे थे। मानों उनके हौसलों को पंख लग गए हों। इसके साथ ही समारोह में कुल 133 डिग्रियां बांटी गई। वेद संकाय में डॉ.रंजीत कुमार झा और साहित्य संकाय में डॉ.मधुबाला सिन्हा को डी.लिट की उपाधि प्रदान की गई। समारोह में पीएचडी की कुल 19 डिग्रियां दी गई। इसमें सबसे अधिक 12 पीएचडी की डिग्रियां भाषा-साहित्य-व्याकरण संकाय में मिली। इसके अलावा ज्योतिष संकाय में चार, दर्शन संकाय में एक और वेद संकाय में दो पीएचडी की डिग्रियां प्रदान की गई। इसी प्रकार, आचार्य करने वाले कुल 112 छात्र-छात्राओं को समारोह में डिग्री प्रदान की गई। इनमें ज्योतिष संकाय में आठ, धर्मशास्त्र संकाय में चार, वेद संकाय में सात व सर्वाधिक साहित्य-व्याकरण संकाय में 93 छात्र-छात्राएं शामिल थे। वर्ष 2019 में छात्र वर्ग से मनोरंजन कुमार झा व छात्रा वर्ग से ब्यूटी कुमारी को ओवरऑल टॉपर का गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। मिथिला के पारंपरिक परिधान में समारोह में शामिल छात्र-छात्राएं डिग्रियां पाकर उत्साह से लबरेज दिखे।
राष्ट्रगान व कुलगीत से हुआ शुभारंभ : संस्कृत विवि के दीक्षा समारोह में भारतीय संस्कृति की स्पष्ट झलक देखने को मिली। देशी परिधानों में सजी विद्वत शोभायात्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जैसे ही समारोह स्थल पर प्रवेश किया, सारे लोग सम्मान में उठ खड़े हुए। भारत व मिथिला की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत मानों उस पंडाल में झलक उठी। उसके बाद शिक्षाशास्त्र विभाग के भवेश कुमार झा, निशा कुमारी, गुड्डी कुमारी, पूजा कुमारी, आकांक्षा कुमारी, अनुपम कुमारी, राकेश कुमार चौधरी, कुंदन कुमार, दयासागर कुमार व आनंद कुमार मिश्र ने शिक्षक संजीत कुमार के निर्देशन में पहले राष्ट्रगान और उसके बाद कुलगीत प्रस्तुत किया। इस बीच कुलाधिपति ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।