दरभंगा में पोखर में डूबने से 8वीं की छात्रा की मौत, बेटी को बचाने में मां की हालत गंभीर
Bihar Pond Drowning: दरभंगा के घनश्यामपुर में पोखर में डूबने से आठवीं कक्षा की छात्रा सावित्री कुमारी की मौत हो ...और पढ़ें

पोस्टमार्टम परिसर में घटना की जानकारी देते स्वजन। फोटो सौ. जागरण
HighLights
आठवीं की छात्रा सावित्री कुमारी की पोखर में डूबने से मौत।
बेटी को बचाने कूदी मां फूल कुमारी देवी की हालत गंभीर।
घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के करकौली वार्ड में हुआ हादसा।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। Darbhanga News: जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में पोखर में डूबने से आठवीं कक्षा की छात्रा की मौत हो गई।
बेटी को बचाने के लिए पोखर में कूदी मां की हालत भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज डीएमसीएच में चल रहा है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
फिसलकर गहरे पानी में चली गई छात्रा
जानकारी के अनुसार, करकौली वार्ड संख्या-4 निवासी फूल कुमारी देवी (50) शनिवार शाम करीब छह बजे अपनी 16 वर्षीय पुत्री सावित्री कुमारी के साथ गड्ढा पोखर में कपड़े धो रही थीं।
इसी दौरान सावित्री का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगी। बेटी को डूबता देख फूल कुमारी उसे बचाने के लिए तुरंत पोखर में कूद गईं, लेकिन तैरना नहीं आने के कारण वह भी पानी में डूबने लगीं।
स्थानीय लोगों ने महिला को बचाया
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने किसी तरह फूल कुमारी को पोखर से बाहर निकालकर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) भेजा, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं, सावित्री का कोई पता नहीं चल सका। रातभर ग्रामीणों ने उसकी तलाश की। रविवार सुबह महाजाल डालकर खोजबीन की गई, जिसके बाद छात्रा का शव पोखर से बरामद हुआ।
सबसे बड़ी संतान थी सावित्री
स्वजन ने बताया कि सावित्री कुमारी आठवीं कक्षा की छात्रा थी। वह दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसके पिता सचिदानंद पासवान गांव में परचून की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
बेटी की असमय मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
