बिहार में चिकन शौकीनों के लिए बड़ी चिंता, बर्ड फ्लू से प्रशासन सतर्क
Poultry Farm Inspection : बिहार के दरभंगा में मृत कौओं में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद प्रशासन सतर्क ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। बिहार में चिकन खाने वालों के लिए चिंता बढ़ गई है। राज्य में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पोल्ट्री फार्मों का निरीक्षण किया गया और वायरस के संभावित प्रसार को रोकने के लिए सैंपल लिए गए हैं।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि पोल्ट्री और चिकन उत्पादों से जुड़े लोगों को सतर्क रहना आवश्यक है, ताकि बीमारी के फैलाव को रोका जा सके। बिहार के दरभंगा में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने पर प्रशासन अलर्ट मोड में है।
दरभंगा शहर के भिगो स्थित वार्ड संख्या 31 के पांच किमी के दायरे में पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने आधा दर्जन से अधिक पोल्ट्री फार्म को चेक किया। इस दौरान मुर्गी और बतख के सिरम, स्वाब, खून आदि के सैंपल को सुरक्षित किया।
संचालक को अलर्ट रहने का निर्देश दिया। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। स्वत: मुर्गी की मौत होने पर सूचना देने को कहा। लहेरियासराय पशु अस्पताल के चिकित्सक डा. मजरूद्दीन ने बताया कि जहां मुर्गी और बतख का पालन किया जा रहा है, वहां विशेष साफ-सफाई करने को कहा गया है। साथ ही संक्रमण को नियंत्रित करने वाली दवा का छिड़काव करने की सलाह दी गई है।
बताया कि जो सैंपल लिया गया है उसे लैब भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि स्थानीय स्तर पर बर्ड फ्लू है या नहीं। ऐसे मृत पाए गए कौओं की रिपोर्ट में गुरुवार की देर शाम बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। इसे देखते हुए अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
अभी तक अन्य किसी पक्षी में ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। ऐसी स्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है। उधर, मोहल्ले के लोगों ने बताया कि आस-पास में दो दर्जन से अधिक कौओं और कुछ मुर्गियों की मौत हुई है। इससे आस-पास के लोग भयभीत हैं।
वार्ड पार्षद नफीसुल हक रिंकू ने बताया कि आज पशुपालन विभाग की ओर से आधा दर्जन पोल्ट्री फार्म को चेक किया गया है। नगर निगम की ओर से सफाई अभियान चलाया जा रहा है। दवा का छिड़काव जारी है। हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
बता दें कि भिगो स्थित शक्तिधाम में मृत पाए गए कौओं को 14 जनवरी को जांच के लिए भेजा गया था। जिसका रिपोर्ट 29 जनवरी की देर शाम में प्राप्त हुआ। इसमें बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रशासन हरकत में आ गया। वहीं पोल्ट्री फार्म के संचालक सहित आस-पास के लोग भयाक्रांत हैं।
