दरभंगा में लनामिवि का खेल कैलेंडर जारी, कबड्डी से क्रिकेट और फुटबाल तक मुकाबलों की तारीख तय
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय ने अपना वार्षिक खेल कैलेंडर 2026-27 जारी किया, जिसमें कबड्डी से क्रिकेट तक विभिन्न प्रतियोगिताओं की ...और पढ़ें

खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का कैलेंडर जारी करते कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी। सौ. वि.।
जागरण संवाददाता, दरभंगा । ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने विश्वविद्यालय का वार्षिक खेल कैलेंडर जारी किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक दक्षता का साधन नहीं हैं, बल्कि यह मानसिक सशक्तीकरण, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के विकास का भी माध्यम है।
विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताएं छात्रों में टीम भावना, सहयोग और उत्कृष्टता की भावना को सुदृढ़ करती हैं। कुलपति ने सभी महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों से अपेक्षा की कि वे आगामी प्रतियोगिताओं के लिए पूरी तैयारी सुनिश्चित करें।
ये प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में खेल के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में भी सहायक सिद्ध होंगी। खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय के निदेशक प्रो. अजय नाथ झा ने कहा कि सत्र 2026-27 का यह खेल कैलेंडर विश्वविद्यालय की खेल संस्कृति को और सुदृढ़ करेगा।
निदेशालय की ओर से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी प्रतियोगिताएं नियमानुसार एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न हों, ताकि विजयी टीमों एवं खिलाड़ियों का चयन आगामी अंतर-विश्वविद्यालय एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं हेतु समय पर किया जा सके।
खेल पदाधिकारी अमृत कुमार झा ने कहा कि विश्वविद्यालय न केवल जोनल स्तर पर, बल्कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज करा रहा है। मौके पर खेल एवं संस्कृति विभाग के मनीष राज एवं सुमित कुमार झा आदि मौजूद रहें।
अंतर महाविद्यालय खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता की तिथियां
कबड्डी (महिला) प्रतियोगिता का आयोजन लनामिवि पीजी एथलेटिक्स में 18 से 20 सितंबर तक किया जाएगा। कबड्डी (पुरुष) प्रतियोगिता एसबीएसएस कालेज, बेगूसराय में 22 से 24 सितंबर तक होगी।
किक-बाक्सिंग, जूडो, बाक्सिंग, ताइक्वांडो, कराटे एवं वुशु (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता लनामिवि पीजी एथलेटिक्स में 26 और 27 सितंबर को होगी। हैंडबाल (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता एमएलएसएम कालेज, दरभंगा में 29 और 30 सितंबर को होगी।
वालीबाल (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता एमआरजेडी कालेज, बेगूसराय (केंद्रीय स्थल : ओल्ड्स ब्वायज हास्टल, बाघा गुमटी, बेगूसराय) में तीन से पांच अक्टूबर तक होगी। युवा उत्सव (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता लनामिवि के खेल एवं सांस्कृतिक विभाग में छह से नौ अक्टूबर को होगी।
टेबल टेनिस (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता सीएम साइंस कालेज, दरभंगा में 28 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। फुटबाल (पुरुष) प्रतियोगिता एपीएसएम कालेज, बरौनी में 29 से 31 अक्टूबर को होगी।
बैडमिंटन (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता आरबी कालेज, दलसिंहसराय में चार से छह नवंबर को आयोजित की जाएगी। फुटबाल (महिला) प्रतियोगिता महिला कालेज, समस्तीपुर में 27 और 28 नवंबर को होगी।
क्रिकेट (महिला) प्रतियोगिता लनामिवि के खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय में एक और दो दिसंबर को आयोजित की जाएगी। बास्केटबाल (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता एमके कालेज, लहेरियासराय में चार और पांच दिसंबर को होगी।
एथलेटिक्स (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता लनामिवि के खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय सात से नौ दिसंबर को आयोजित होगी। बाल-बैडमिंटन (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता समस्तीपुर कालेज, समस्तीपुर में 10 और 11 दिसंबर को आयोजित की जाएगी।
क्रिकेट (पुरुष) प्रतियोगिता ललित नारायण जनता कालेज, झंझारपुर में 16 से 21 दिसंबर को होगी। शतरंज (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता सीएम कालेज, दरभंगा में 22 से 24 दिसंबर को आयोजित की जाएगी।
रग्बी (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता जीडी कालेज, बेगूसराय में पांच और छह जनवरी, 2027 को होगी। खो-खो (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता आरसीएस कालेज, मंझौल में 30 और 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।
कुश्ती (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता एसके महिला कालेज, बेगूसराय में दो और तीन फरवरी को होगी। योग (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता लनामिवि के खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय में दो और तीन फरवरी को आयोजित की जाएगी।
चयन ट्रायल कार्यक्रम
कायाकिंग एवं कैनोइंग (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता के चयन ट्रायल का आयोजन आरके कालेज, मधुबनी में 12 और 13 अक्टूबर को किया जाएगा। आरके कालेज, मधुबनी में ही रोइंग (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता के चयन ट्रायल का आयोजन 19 और 20 फरवरी, 2027 को होगा।
