बिहार के युवाओं के लिए खुशखबरी, सरकार देगी 10 लाख तक की मदद
बिहार सरकार की मुख्यमंत्री उद्यमी योजना युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 10 लाख रुपये तक की वित्तीय ...और पढ़ें

इसमें एआई जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 10 लाख रुपये तक की सहायता।
अनुदान और ऋण के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार का अवसर।
उत्तर बिहार के 8 जिलों में 579 युवाओं का चयन हुआ।
डिजिटल डेस्क, दरभंगा। Bihar Mukhyamantri Udyami Yojana : नौकरी की तलाश में भटक रहे युवाओं के लिए अपना रोजगार शुरू करने का रास्ता खुला है। बिहार सरकार की मुख्यमंत्री उद्यमी योजना युवाओं को कारोबार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता दे रही है।
योजना के तहत परियोजना के लिए अधिकतम 10 लाख रुपये तक की सहायता मिल सकती है। इसमें एक हिस्सा अनुदान के रूप में दिया जाता है, जबकि शेष राशि ऋण के रूप में उपलब्ध कराई जाती है। यानी कम पूंजी में युवा अपना कारोबार शुरू कर आत्मनिर्भर बनने के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार का अवसर पैदा कर सकते हैं।
पांच से 10 लाख तक की सहायता
Bihar Mukhyamantri Udyami Yojana : मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत परियोजना की लागत के आधार पर पांच से 10 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान है। निर्धारित हिस्से की राशि अनुदान के रूप में मिलती है और शेष राशि ऋण के रूप में उपलब्ध कराई जाती है। इससे कारोबार शुरू करने के लिए युवाओं पर शुरुआती पूंजी का बोझ कम होता है।
कई तरह के कारोबार का विकल्प
Bihar Self Employment Scheme : योजना के तहत खाद्य प्रसंस्करण, कृषि आधारित उद्योग, वस्त्र, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेवा क्षेत्र और निर्माण समेत कई प्रकार की परियोजनाओं के लिए सहायता दी जाती है। युवा स्थानीय बाजार की मांग और अपनी रुचि के अनुसार कारोबार का चयन कर सकते हैं।
आवेदन से चयन तक ऑनलाइन प्रक्रिया
योजना के लिए आवेदन ऑनलाइन किया जाता है। आवेदन के दौरान आधार कार्ड, निवास प्रमाणपत्र, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज समेत निर्धारित कागजात जरूरी होते हैं। आवेदनों की जांच के बाद चयन प्रक्रिया पूरी की जाती है। चयनित लाभुकों को परियोजना के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार राशि उपलब्ध कराई जाती है।
आठ जिलों में 579 युवा चयनित
2026 की चयन सूची के अनुसार मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत उत्तर बिहार के आठ जिलों में 579 युवाओं का चयन किया गया है। इनमें दरभंगा के 76, मधुबनी के 82, समस्तीपुर के 82, मुजफ्फरपुर के 85, सीतामढ़ी के 66, शिवहर के 13, पूर्वी चंपारण के 99 और पश्चिमी चंपारण के 76 युवा शामिल हैं।
9347 लाभुकों के चयन का लक्ष्य
वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत कुल 9,347 लाभुकों के चयन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लिए 2,000 लाभुकों का लक्ष्य है। इसके अलावा एससी/एसटी, अति पिछड़ा, महिला, अल्पसंख्यक और दिव्यांग उद्यमियों को भी योजना का लाभ दिया जाना है।
दरभंगा में 340 का लक्ष्य
जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक सुरुचि ने बताया कि बिहार में उद्यमी योजना को युवा, महिला, अल्पसंख्यक, अति पिछड़ा और निशक्त उद्यमी पांच श्रेणियों में बांटा गया है। सभी श्रेणियों को मिलाकर दरभंगा जिले का लक्ष्य 340 है। युवा उद्यमी योजना के तहत 70 युवाओं का चयन किया गया है। चयनित युवाओं के लिए जल्द ही प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
युवाओं के लिए रोजगार का अवसर
योजना का उद्देश्य केवल युवाओं को आर्थिक सहायता के साथ उन्हें स्वरोजगार से जोड़कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करना भी है। दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, चंपारण समेत उत्तर बिहार के युवाओं के लिए जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से योजना की जानकारी, परियोजना चयन और आवेदन प्रक्रिया में मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
बिहार में उद्यमी योजना को पांच श्रेणी में बांटा गया है। जिनमें युवा, महिला, अल्पसंख्यक, अति पिछड़ा और निशक्त उद्यमी शामिल हैं। सभी श्रेणी मिलाकर जिले का लक्ष्य 340 है। युवा उद्यमी योजना के तहत 70 का चयन किया गया है। जिनके लिए जल्द ही प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
सुरुचि, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, दरभंगा।
