विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा के बेनीपुर में स्कूल के पास कचरा, बाजार में ढेर—कहां है सफाई का ‘केयर’?

By Shailendra Kumar Jha Edited By: Dharmendra Singh
Published: Wed, 25 Feb 2026 04:48 PM (IST)

बेनीपुर नगर परिषद में कचरा निस्तारण की गंभीर समस्या है। गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण केवल कागजों पर है, जिससे वार्डों ...और पढ़ें

बेनीपुर कटवासा पथ में जमा कचरा। जागरण

बेनीपुर कटवासा पथ में जमा कचरा। जागरण

HighLights

  1. बेनीपुर में कचरा पृथक्करण केवल कागजों पर, गंदगी के ढेर।

  2. अनियमित संग्रह से जलजमाव, दुर्गंध, मच्छर प्रकोप बढ़ा।

  3. मुख्य पार्षद ने सख्त निगरानी, जुर्माने का आश्वासन दिया।

संवाद सहयोगी,बेनीपुर (दरभंगा) । नगर परिषद क्षेत्र में कचरे के समुचित निस्तारण का नहीं होने से विभिन्न वार्डों में गंदगी की समस्या गंभीर होती जा रही है।

गीला-सूखा कचरा अलग करने की व्यवस्था कागजों तक सीमित है, जबकि कई स्थानों पर कचरा खुले में जमा किया जा रहा है।वार्ड एक व दो के मुख्य सड़क और बाजार क्षेत्र में नियमित उठाव नहीं होने से कचरे का ढेर लगा रहता है।

स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि सुबह सफाई होती है, लेकिन शाम तक फिर गंदगी फैल जाती है। वार्ड तीन एवं चार के आवासीय इलाकों में घर-घर कचरा वाहन की अनियमित आवाजाही से लोग खाली प्लाट व नालियों में कचरा फेंकने को मजबूर हैं।

बारिश में जलजमाव की स्थिति बन जाती है। वार्ड पांच एवं छह में नालियों की सफाई समय पर नहीं होने से दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है। कई जगहों पर डस्टबिन क्षतिग्रस्त हैं या पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं हैं।

वार्ड सात एवं आठ में स्कूल और सार्वजनिक स्थलों के आसपास भी कचरा जमा होने की शिकायत है। स्थानीय लोगों ने कहा कि नियमित मानीटरिंग का अभाव है।

वार्ड नौ व 10 में नगर परिषद की ओर से कचरा संग्रहण वाहन आता है, लेकिन स्रोत पर पृथक्करण (गीला-सूखा अलग) का पालन नहीं कराया जा रहा। मिश्रित कचरे का ही उठाव हो रहा है।

स्थानीय मो. मुस्कुर आलम , केदार नाथ झा , रामपरी देवी , मो. कयूम , सुमन पाठक , शांति देवी सहित अन्य लोगों ने वार्ड स्तर पर की निगरानी समिति का गठन करने,लापरवाही पर जिम्मेदार कर्मियों एंव संवेदक पर कार्रवाई करने की मांग की है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो स्वच्छता अभियान की मंशा अधूरी रह जाएगी। अब सबकी नजर नगर परिषद प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।

सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए अतिरिक्त कचरा वाहन की जरूरत पडी तो मंगाया जाएगा। वार्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाई जाएगी।स्रोत पर कचरा पृथक्करण को सख्ती से लागू किया जाएगा। जो लोग नियमों का पालन नहीं करेंगे, उन पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

--मो. अकबाल, मुख्य पार्षद, नगर परिषद।