दरभंगा के बहेड़ी में शिक्षिका से 50 हजार झपटा, ठेकेदार से मांगी एक लाख की रंगदारी
दरभंगा के बहेड़ी में दो दिनों के भीतर दो बड़ी आपराधिक घटनाएं हुईं: एक शिक्षिका से 50 हजार रुपये और ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
पंचायत सूत्र, बहेड़ी (दरभंगा)। बहेड़ी थाना क्षेत्र में लगातार दो आपराधिक घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक ओर बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रही शिक्षिका से बाइक सवार बदमाश 50 हजार रुपये और मोबाइल झपटकर फरार हो गया, वहीं दूसरी ओर हाईस्कूल में निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार से कट्टा दिखाकर एक लाख रुपये रंगदारी मांगी गई।
रंगदारी मांगने वालों में से एक से कर्मचारियों ने कट्टा छीन लिया और पुलिस को सौंप दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक से रुपये निकालकर लौट रही थीं शिक्षिका
नगर पंचायत बहेड़ी स्थित प्लस टू शांति नायक उच्च विद्यालय की शिक्षिका बहेड़ी निवासी संगीता कुमारी ने पुलिस को बताया कि वह 21 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे स्टेट बैंक आफ इंडिया की बहेड़ी शाखा से 50 हजार रुपये निकालकर घर लौट रही थीं। घर के पास गली में पहुंचते ही बाइक सवार एक युवक ने उनके हाथ से रुपये वाली थैली और मोबाइल झपट लिया और तेजी से फरार हो गया।
सीसी कैमरों से बदमाश की तलाश
शिक्षिका के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक आरोपित भाग चुका था। थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बैंक और आसपास लगे सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपित की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
कट्टा दिखाकर मांगी एक लाख रंगदारी
दूसरी घटना 22 अगस्त की दोपहर कुंवर रंजीत गांव की है। निजी मोबाइल कंपनी में कार्यरत हरिनगर निवासी मनोज कुमार यादव ने चार नामजद सहित आठ-दस अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि कुंवर रंजीत हाईस्कूल में लैब रूम का निर्माण कराया जा रहा है। इसी दौरान कालीचरण यादव उर्फ राजन यादव अपने सहयोगियों के साथ वहां पहुंचा और कट्टा दिखाकर एक लाख रुपये रंगदारी की मांग करने लगा।
शटरिंग में तोड़फोड़, कर्मचारियों को धमकी
आरोपितों ने निर्माण स्थल पर लगी शटरिंग में तोड़फोड़ भी की। बाद में मुंशी कुंदन कुमार यादव और चालक अमरजीत कुमार को हरिनगर स्कूल के पास रोककर रंगदारी देने की धमकी दी गई। आरोप है कि कालीचरण ने कमर से कट्टा निकालकर दोनों को डराया।
कट्टा छीनकर पुलिस को सौंपा
इस दौरान कर्मचारियों ने आरोपित से कट्टा छीन लिया और शोर मचा दिया। ग्रामीणों के जुटने पर कालीचरण भाग निकला। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिला।
बरामद कट्टा पुलिस को सौंप दिया गया है। प्राथमिकी में दो-तीन नाबालिगों के भी शामिल होने की बात कही गई है। पुलिस वीडियो साक्ष्य के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
