कमला-बलान का जलस्तर घटा, परेशानी कायम
दरभंगा। कमला-बलान नदी के जलस्तर में हो रही कमी के बावजूद घनश्यामपुर के बाढ़ प्रभावित गांवों में अभी भी समस्या बरकरार है। गांव के अंदर से बाढ़ का पानी धीरे-धीरे निकलने लगा है।
दरभंगा। कमला-बलान नदी के जलस्तर में हो रही कमी के बावजूद घनश्यामपुर के बाढ़ प्रभावित गांवों में अभी भी समस्या बरकरार है। गांव के अंदर से बाढ़ का पानी धीरे-धीरे निकलने लगा है। लेकिन, गांव के लोगों के खेत-खलिहान और यहां की मुख्य सड़कें डूबी हुई हैं। बताया जाता है कि पानी घटने तथा बरसात रूकने के बाद बाढ़ पीड़ितों को थोड़ी राहत मिली है। नदी के दोनों तटबंधों के बीच बसे आधा दर्जन से अधिक गांव अब भी बाढ़ के पानी से चारों तरफ से घिरे हुए हैं। स्कूलों में पानी घुसा है। घनश्यामपुर-बाउर सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी बह रहा है। बाउर, नवटोलिया, कैथाही, कनकी मुसहरी आदि गांव के लोग नाव से आवाजाही कर रहे हैं। तटबंध की मरम्मत कार्य में तेजी आ गई है। पिछले वर्ष के रिसाव स्थलों की मरम्मत की जा रही है। नदी के फ्लैंक में दवाब के बिदुओं पर बोरा रखकर पैकिग की जा रही है। तटबंध पर जगह-जगह बोरियों में सिल्ट भरकर जमा किया जा रहा है। सीओ दीनानाथ कुमार ने बताया कि स्थिति में सुधार है। सात नाव चलाई जा रही है। बांध की निगरानी की जा रही है। विभागीय अधिकारी कैंप कर रहे हैं।