अगलगी में चार घर जले, हजारों की संपत्ति राख
दरभंगा। बेनीपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या एक में बुधवार को हुई अगलगी में धरौड़ा नवकी पोखर के पास चार लोगों के घर जलकर राख राख हो गए। घटना में करीब 40 हजार नगद कपड़ा अनाज सहित अन्य सामान समेत हजारों की क्षति हुई है।
दरभंगा। बेनीपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या एक में बुधवार को हुई अगलगी में धरौड़ा नवकी पोखर के पास चार लोगों के घर जलकर राख राख हो गए। घटना में करीब 40 हजार नगद, कपड़ा, अनाज सहित अन्य सामान समेत हजारों की क्षति हुई है। बताया जाता है कि परमेश्वर मुखिया के घर से उठी आग की चिगारी ने देखते ही देखते कपलेश्वर मुखिया, संतोष मुखिया एवं लक्ष्मण मुखिया के घर को अपने आगोश में ले लिया। आग की भयानक लपटों को देख लोग सहम गए। आग के नजदीक जाने का लोग साहस नहीं कर पा रहे थे। लोगों ने फौरन घटना की जानकारी अग्निशमन दस्ते को दी। इसके बाद बहेड़ा से दो अग्निशमन दस्ते ने मौके पर पहुंच स्थानीय लोगों की मदद से जले घरों की राख को बुझाया। बगल के घरों में आग को फैलने से रोका गया। अगर आग फैल जाती तो कहना मुश्किल था कि कितने और घरों को अग्निदेव अपनी चपेट में ले लेते। पीड़ित परमेश्वर, संतोष, कपिलेश्वर एवं लक्ष्मण ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका। सबकुछ इतनी जल्दी हुआ कि घर से जरूरी सामान निकालने का भी मौका ना मिला। पीड़ितों ने बताया कि शरीर पर जो कपड़े पहने थे, बस वहीं बचे। बच्चों का खाना, कपड़ा सब जलकर राख हो गया। पीड़ित परमेश्वर मुखिया ने बताया कि नगद 25 हजार रुपये, अनाज, कपड़े, बर्तन व सभी फर्नीचर के सामान जलकर राख हो गए। लक्ष्मण मुखिया ने बताया कि 15 हजार नगद सहित सभी सामान आग में जल गए। संतोष एवं कपिलेश्वर ने बताया कि नगद घर में था ही नहीं। शेष सबकुछ जलकर राख हो गया। पीड़ितों ने बताया कि घटना के बाद सीओ पंकज कुमार झा को आवेदन दिया है। सीओ ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिली है। राजस्वकर्मी को घटनास्थल पर भेजा गया है। तत्क्षण पॉलीथिन उपलब्ध करा दिया गया है। आवास के लिए प्रखंड को सूची भेजी जाएगी।