ककोढ़ा एवं कैथवार के पास तटबंध टूटने से 14 पंचायतें जल प्लावित
तारडीह प्रखंड के ककोढ़ा एवं कैथवार के पास कमला नदी का तटबंध रविवार की सुबह टूट गया।
दरभंगा। तारडीह प्रखंड के ककोढ़ा एवं कैथवार के पास कमला नदी का तटबंध रविवार की सुबह टूट गया। इससे तारडीह प्रखंड की 14 पंचायतें जल प्लावित हो गई हैं। अफरातफरी के बीच लोग अपने सामान एवं मवेशी को सुरक्षित करने में जुट गए।
जानकारी के अनुसार, तारडीह के कैथवार के पास कमला नदी के तटबंध में शनिवार की सुबह से ही रिसाव हो रहा था। अभियंता एवं मजदूर बालू भरे बोरे से तटबंध के रिसाव को ठीक करने में लगे थे। लेकिन, कोई लाभ नहीं हुआ। सुबह करीब पांच बजे तटबंध टूट गया। वहीं करीब डेढ किलोमीटर की दूरी पर ककोढ़ा के पास सुबह करीब 4.30 बजे तटबंध में टूट होने से गांवों में तेजी से पानी फैल गया। तारडीह का ककौढ़ा, उजान, पोखरभिडा, कुर्सो मछैता, नदियामी, ठेंगहा, कैथवार, बैका, राजा खरवार आदि पंचायतों के गांवों में चार से पांच फुट पानी बहने लगा। हालांकि शाम में इसके रफ्तार में कमी आई। कुर्सो मछैता की मुखिया मोती देवी ने बताया कि उनके घर के खिड़की से पानी निकलने लगा। प्रवाह अगस्त 2017 में आई बाढ़ से ज्यादा तेज था।
पानी के सामने जो भी आया उसे बहाकर लेते चली गई। तेज धार में पशु चारा और जलावन बह गया। सुबह का समय होने से लोगों को सोचने समझने का मौका नहीं मिला। मछैता महिया मुख्य सड़क पर यात्रियों से भरी एक टेंपो पानी में चली गई। सवार यात्रियों ने धैर्य का परिचय देते हुए पेड़ की डाली पकड़कर अपनी जान बचाई। पानी कम होने के बाद गांव में लौटे।