विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बक्सर के लालगंज में युवक को मारी गोली, प्रेम-प्रसंग में विवाद की आशंका

Published: Fri, 17 Jul 2026 11:15 PM (IST)

बक्सर के लालगंज गांव में शुक्रवार देर शाम एक 25 वर्षीय युवक सोनू साह को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई सांकेतिक फोटो।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई सांकेतिक फोटो।

HighLights

  1. लालगंज में 25 वर्षीय युवक सोनू साह को गोली मारी।

  2. गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर, पुलिस जांच में जुटी।

  3. पुराने प्रेम प्रसंग विवाद को लेकर घटना की आशंका।

संवाद सहयोगी, चौसा (बक्सर)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज गांव में शुक्रवार की देर शाम 7.30 बजे के आस-पास एक 25 वर्षीय युवक को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी।

गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घायल युवक की पहचान लालगंज निवासी गोवर्धन साह के 25 वर्षीय पुत्र सोनू साह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोनू साह दो दिन पूर्व ही सिकंदराबाद से अपने घर लौटा था।

शुक्रवार की शाम वह गांव में था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उसे पीछे से सटाकर गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली लगते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस कर रही पूछताछ

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल के आसपास साक्ष्य जुटाने में लगी है।

प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुराने प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

फिलहाल डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस गांव में कैंप कर संभावित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद लालगंज गांव में तनाव का माहौल है तथा पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

यह भी पढ़ें- सारण में खेत में काम करने गई युवती से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने 4 आरोपियों को हिरासत में लिया