गंगा घाट से ढाई साल की मासूम लापता
सोमवार की दोपहर गंगा स्नान को मां संग आई ढाई साल की एक बच्ची के लापता हो जाने की सूचना मिली है।
बक्सर। सोमवार की दोपहर गंगा स्नान को मां संग आई ढाई साल की एक बच्ची के लापता हो जाने की सूचना मिली है। घटना उस समय हुई जब बच्ची की मां रामरेखाघाट पर बच्ची को खड़ी कर स्नान कर रही थी। जब वो स्नान कर बाहर निकली तो बच्ची अपने स्थान से गायब मिली। इस मामले में बच्ची की मां के गुहार पर नगर थाना की पुलिस बच्ची को ढुंढने में लगी है।
घटना की जानकारी देते भोजपुर के बिहिया थानाक्षेत्र अंतर्गत ओसाई निवासी शांति देवी ने बताया कि वो रामरेखा घाट पर गंगा स्नान को अपनी दो बच्चियों के साथ आई थी। जिसमें एक लगभग चार साल तथा एक ढाई साल की थी। दोनों बच्चियों को घाट पर ही छोड़ वो पानी में डूबकी लगाने चली गई। जब स्नान कर वापस आई तब छोटी बच्ची अपने स्थान पर नहीं मिली। जिसके बारे में बड़ी बच्ची ने बताया कि एक युवक आया था और चाकलेट खिलाने के लिए ले गया। इस बीच आस पास के लोगों ने बताया कि युवक की उम्र लगभग 18 वर्ष की थी। जो बच्ची को अपने साथ ले गया। तमाम खोजबीन के बाद भी बच्ची का पता नहीं चलने पर मां ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।