धनसोई में पुलिस पर हमला के दो मुख्य आरोपित गिरफ्तार
बक्सर धनसोई थानाक्षेत्र के परसदा गांव में वारंटियों को गिरफ्तार करने गई पुलिस पर किए गए
बक्सर : धनसोई थानाक्षेत्र के परसदा गांव में वारंटियों को गिरफ्तार करने गई पुलिस पर किए गए जानलेवा हमला के दो मुख्य आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 13 जुलाई की रात हुई घटना के दौरान जहां कई पुलिस के जवान जख्मी हो गए थे, वहीं मौके से जान बचाकर पुलिस को भागना पड़ा था। इस मामले में पुलिस ने 24 को नामजद करते हुए 9 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इसकी जानकारी देते धनसोई थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि हत्या मामले के दो वारंटियों जनार्दन चौधरी तथा अंग्राहित चौधरी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस परसदा गांव में छापेमारी करने गई थी। तब दोनों वारिटियों को गिरफ्तार कर लाने के दौरान स्थानीय लोग अचानक उग्र हो गए और पुलिस पर जानलेवा हमला बोल दिया। जिसमें कई पुलिस के जवान जख्मी हो गए थे। उक्त घटना के दो मुख्य आरोपितों लोदीपुर निवासी कमला चौधरी तथा परसदा गांव निवासी भुअर चौधरी को देर रात गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पर किए गए हमला के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि 24 नामजदों में से 15 फरार चल रहे थे। मामले की छानबीन में यह बात सामने आई थी कि पुलिस पर हमला करने के लिए उकसाने में कमला चौधरी और भुअर चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। इस मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का प्रयास जारी है।