हथकड़ी की रस्सी काटकर दो शराब तस्कर फरार
बक्सर नगर थाना से गिरफ्तार दो अपराधी हथकड़ी की रस्सी काटकर फरार हो गए हैं। घटना रविवार देर शाम उस समय की है जब कोर्ट में पेशी के बाद दो शराब तस्करों को पुलिस बिक्रमगंज जेल भेजने की तैयारी में लगी थी।
बक्सर : नगर थाना से गिरफ्तार दो अपराधी हथकड़ी की रस्सी काटकर फरार हो गए हैं। घटना रविवार देर शाम उस समय की है जब कोर्ट में पेशी के बाद दो शराब तस्करों को पुलिस बिक्रमगंज जेल भेजने की तैयारी में लगी थी। वाहन तैयार नहीं होने के कारण कैदियों को करामात दिखाने का मौका मिल गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मामले में दोनों कैदियों के खिलाफ केस दर्ज कर घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार दोनों शराब तस्कर थे जिन्हें पुलिस ने शनिवार की देर रात 9 बजे के करीब नगर थाना क्षेत्र के मठिया मुहल्ला से तस्करी की 345 बोतल शराब के साथ किया गया था। दोनों की पहचान पांडेयपट्टी निवासी शराब तस्कर उपेन्द्र कुमार और बाजार समिति निवासी वाहन चालक मनी कुमार के रूप में की गई थी। इस गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने एक मैजिक वाहन भी जब्त किया था। गिरफ्तार आरोपितों को रविवार की शाम नगर पुलिस कोर्ट में प्रस्तुत करने के लिए लेकर गई थी। पेशी की प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद कैदियों के साथ खड़ी पुलिस बिक्रमगंज जेल भेजने के लिए वाहन आने का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपितों के घर से आया कपड़ा और अन्य जरूरी समान उन्हें दिया गया। उसी सामान के अंदर घरवालों ने ब्लेड छुपाकर रख दिया था। इसी बीच दोनों तस्करों ने समान के अंदर छिपाए गए ब्लेड की मदद से हथकड़ी की रस्सी काट ली और फिर मौका मिलते ही चीनी मिल की ओर भागने के बाद घनी बस्ती और गलियों की जाल के बीच रात के अंधेरे में गुम हो गए। हालांकि, दो-दो कैदियों के फरार होने की घटना को पहले तो पुलिस द्वारा छिपाते हुए उनका पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया गया। बावजूद इसके बरामद नहीं होने पर अंतत: अधिकारियों को सूचित करना पड़ा, जिसके बाद खबर को फैलते देर नहीं लगी। फिलहाल तो इसके परिणाम के बारे में सोचकर पुलिस कर्मियों के हाथ-पांव फूल रहे हैं। माना यही जा रहा है कि इस घटना में कई पुलिस कर्मियों पर गाज गिरनी तय है। कैदियों के फरार होने की घटना तब हुई है जब रविवार को ही पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार सिंह ने क्राइम मीटिग में सभी पदाधिकारियों को बराबर सजग और मुस्तैद रहने के साथ कर्तव्य पालन का पाठ पढ़ा रहे थे। सदर डीएसपी गोरख राम ने बताया कि सारी रात प्रयासों के बावजूद फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस मामले में फरार अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर इस बात की जांच की जा रही है कि आखिर किसकी गलती से अभियुक्तों को पुलिस हिरासत से भागने का मौका मिला। इसका सत्यापन होने के बाद जो भी उचित होगा कार्रवाई की जाएगी। -वाहन में तेल लेने से मिला मौका
बताया जा रहा है कि घटना के समय पेशी का काम पूरा कर पुलिसकर्मी अभियुक्तों को लेकर गाड़ी आने का इंतजार कर रहे थे। गाड़ी आने के बाद अभियुक्तों को जैसे ही बैठाया गया कि चालक गाड़ी में तेल नहीं होने की बात कह दूबारा उन्हें वहीं उतारकर गाड़ी लिए तेल लेने चला गया। इस दौरान न्यायालय परिसर के बाहर ही सिपाही अभियुक्तों को लेकर रात के अंधेरे में खड़े थे। तब तक चारों तरफ गहरा अंधेरा छा चुका था। इसी दौरान रस्सी काटकर अभियुक्त अचानक भाग निकले।