गंगातट पर पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बक्सर हरे-भरे पेड़ न सिर्फ धरती के सुरक्षा कवच हैं। बल्कि मानव जीवन के आधार स्तम्भ भी है
बक्सर : हरे-भरे पेड़ न सिर्फ धरती के सुरक्षा कवच हैं। बल्कि, मानव जीवन के आधार स्तम्भ भी हैं। उक्त बातें थानाध्यक्ष जुनैद आलम ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को केशोपुर के समीप गंगा तट पर आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन को ऑक्सीजन प्रदान करने के साथ ही उन्हें कई बीमारियों से भी दूर रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
ऐसी स्थिति में पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण अति आवश्यक है। वहीं, नेहरू युवा केंद्र बक्सर के सदस्य सोनू दूबे ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हर देशवासी का दायित्व व कर्तव्य है। अगर हम पर्यावरण की रक्षा करेंगे, पौधरोपण कर पर्यावरण को संतुलित रखेंगे तो ही हम आने वाली पीढ़ी को हरा-भरा विरासत सौंप पाएंगे। पुलिस पदाधिकारी अशोक मिश्रा व रघुवीर सिंह ने कहा कि बगैर पेड़ लगाए प्रकृति को संतुलित बनाए रखना संभव नहीं है। कामेश्वर दूबे ने कहा कि प्रकृति को बचाने में पौधरोपण का विशेष महत्व है। पौधे से ही हवा समेत अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर हम सभी एक-एक पौधा लगाने की ठान लें तो पर्यावरण की समस्या अपने आप हल हो जाएगी। इस मौके पर पप्पू गुप्ता, पवन तिवारी, राहुल राय, अरुण राय, पंकज कुमार, जगनारायण राय, अमित कुमार सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे।