तेलंगाना से गया पिंडदान, फिर अयोध्या की राह... बक्सर गंगा पुल पर श्रद्धालुओं की बस ट्रक से भिड़ी, 18 घायल
तेलंगाना से गया पिंडदान कर अयोध्या जा रहे श्रद्धालुओं की बस बक्सर गंगा पुल पर ट्रक से टकरा गई। हादसे ...और पढ़ें

अस्पताल में जुटे यात्री
HighLights
तेलंगाना के श्रद्धालुओं की बस बक्सर गंगा पुल पर दुर्घटनाग्रस्त।
बस चालक सहित करीब 18 यात्री हादसे में घायल हुए।
हादसे के बाद पुल पर डेढ़ घंटे तक लंबा जाम लगा।
जागरण संवाददाता, बक्सर। तेलंगाना से गया में पिंडदान करने आए श्रद्धालुओं की बस सोमवार की सुबह बक्सर गंगा पुल पर हादसे का शिकार हो गई। सुबह करीब 4:30 बजे बस की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक समेत करीब डेढ़ दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। चालक समेत तीन लोगों को अधिक चोट आई है, जबकि अन्य घायलों की स्थिति सामान्य बताई गई है।
झपकी आने से हादसे की आशंका, पुल पर मची अफरातफरी
गंगा ब्रिज चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह और यातायात प्रभारी रितेश दूबे के अनुसार, तेलंगाना के करमी नगर से श्रद्धालुओं का जत्था बस से गया में पिंडदान करने आया था।
पिंडदान के बाद श्रद्धालु बक्सर के रास्ते अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 4:30 बजे संभवतः बस चालक को झपकी आ गई और बस सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
चालक के पेट में स्टेयरिंग घुसने से गंभीर चोट
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस चालक 50 वर्षीय रमेश रेड्डी के पेट में स्टेयरिंग से गंभीर चोट आई। दो श्रद्धालु भी ज्यादा घायल हुए हैं।
अधिक घायल श्रद्धालुओं की पहचान करमी नगर निवासी 58 वर्षीय रामलुक रेड्डी और 55 वर्षीय लतमा रेड्डी के रूप में हुई है। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और सभी का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बीच पुल पर बस फंसी, दोनों तरफ लगा लंबा जाम
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस गंगा पुल के बीचोंबीच फंस गई। इसके चलते पुल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
पुलिस ने किसी तरह बस को हटवाने की कोशिश की। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त बस को पुल से हटाया जा सका, जिसके बाद यातायात दोबारा बहाल हुआ।
एनएचएआई के पास क्रेन नहीं, जेसीबी से हटाई गई बस
गंगा ब्रिज चौकी प्रभारी ने बताया कि पुल पर अक्सर हादसे होते रहते हैं। ऐसे में क्षतिग्रस्त वाहनों को तत्काल हटाने के लिए पुल के पास हर समय क्रेन की जरूरत है।
हादसे के बाद एनएचएआई कर्मियों से क्रेन मांगी गई तो बताया गया कि दो क्रेन में से एक बक्सर से आरा के बीच रहता है, जबकि दूसरा काफी दिनों से खराब पड़ा है।
क्रेन नहीं मिली तो जेसीबी से बस को यूपी की सीमा तक पहुंचाया
क्रेन उपलब्ध नहीं होने पर पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगाई। इसके बाद बस को पीछे से धक्का देकर किसी तरह पुल के उस पार पहुंचाया गया।
जेसीबी की स्थिति और पुल पर बस हटाने में आ रही परेशानी को देखते हुए क्षतिग्रस्त बस को यूपी की सीमा की ओर ले जाकर मार्ग खाली कराया गया। इसके बाद पुल पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका।
