माइक्रो फाइनांस कर्मी से हथियार के बल पर डेढ़ की लूट
बक्सर धनसोई थाना क्षेत्र के गोगही और गोसैसी डेरा के बीच हथियार बंद अपराधियों ने माइक्रो फ
बक्सर : धनसोई थाना क्षेत्र के गोगही और गोसैसी डेरा के बीच हथियार बंद अपराधियों ने माइक्रो फाइनांस कर्मी से कलेक्शन के डेढ़ लाख रुपये हथियार के बल पर लूट लिए। शाम पांच बजे इस घटना को बाइक सवार तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर उस वक्त अंजाम दिया जब कर्मी चारों तरफ से कलेक्शन के पैसे लेकर जिला मुख्यालय बक्सर लौट रहा था।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय बक्सर स्थित एक माइक्रो फाइनांस कर्मी अरूण कुमार सुबह 11 बजे मुख्यालय से धनसोई के लालाचक गांव पैसे कलेक्शन करने के लिए गया था। पैसों की वसूली करने के बाद वह बक्सर मुख्यालय लौट रहा था तभी शाम पांच बजे के करीब गोगही और गोसैसी डेरा के बीच अचानक बाइक सवार तीन अपराधियों ने उसे हथियार के बल पर रुकवा लिया और कनपटी पर पिस्टल भिड़ा कर उसके पास मौजूद कलेक्शन के 1,31,780 रुपये लूट लिए और आराम से हथियार लहराते हुए निकल भागे। घटना के बाद कर्मी ने धनसोई थाना पहुंचकर घटना से पुलिस को अवगत कराते हुए अपना लिखित आवेदन दिया। घटना की पुष्टि करते धनसोई थानाध्यक्ष कमल नयन पांडेय ने बताया कि अपराधियों की पहचान के साथ ही उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा संभावित इलाकों में वाहन चेकिग के साथ ही छापेमारी की जा रही है। बताया जाता है कि कर्मी पैसों के तगादा के लिए प्रतिदिन उस क्षेत्र में जाता था। इसको देखते हुए अपराधी पहले से उसकी रेकी करते हुए घात लगाए थे। इस बीच मंगलवार की शाम मोटी रकम मिलने की उम्मीद को लेकर कर्मी को सरेआम लूट का शिकार बना दिया।