'कप्तान' के नाम से बना रखा था खौफ, 25 साल में दर्ज हुए 8 केस; अब हथियार के साथ बक्सर पुलिस ने दबोचा
पुलिस ने बक्सर के सिमरी से कई संगीन मामलों में वांछित कुख्यात अपराधी कप्तान यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी ...और पढ़ें

अपराधी के पास से बरामद पिस्टल व गोलियां। सौ-पुलिस
HighLights
कुख्यात अपराधी कप्तान यादव बक्सर के सिमरी से गिरफ्तार।
पुलिस ने उसके पास से अवैध कट्टा और कारतूस बरामद किए।
कप्तान यादव पर पहले से आठ संगीन मामले दर्ज हैं।
संवाद सहयोगी, सिमरी (बक्सर)। नाम कप्तान, लेकिन काम खौफनाक। पुलिस ने शुक्रवार की देर रात कई संगीन मामलों में वांछित कुख्यात अपराधी कप्तान यादव उर्फ विक्रमा यादव को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी उसके नियाजीपुर स्थित घर से हुई। आरोपित के पास से एक कट्टा, तीन कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया।
डुमरांव एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की, जिसके बाद आरोपित के खिलाफ तिलक राय के हाता थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने पकड़ा
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डुमरांव एसडीपीओ समीर कुमार सिंह की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने सत्यापन के बाद दल्ली के डेरा (नियाजीपुर) स्थित आरोपित के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसके पास से हथियार बरामद किए गए।
लगातार ठिकाने बदल रहा था कप्तान
पुलिस के अनुसार, वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस रिकाॅर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ सिमरी थाने में 1997 से 2022 के बीच लूट, डकैती, चोरी, आर्म्स एक्ट और उत्पाद अधिनियम से जुड़े आठ मामले दर्ज हैं।
नया मामला (कांड संख्या 75/26) दर्ज होने के बाद उसके खिलाफ कुल मामलों की संख्या नौ हो गई है। छापामारी में एसडीपीओ समीर कुमार सिंह के साथ तिलक राय के हाता की थानाध्यक्ष पूजा कुमारी, रामदास राय के डेरा के थानाध्यक्ष अभिषेक पाण्डेय, रविन्द्र कुमार यादव, पीटीसी अभिषेक कुमार और डीआईयू टीम के जवान शामिल थे।
