नाली के गलत प्राक्कलन पर बीडीओ ने दिया जेई को नोटिस
प्रखंड के लाखनडीहरा पंचायत के अमथुआ गांव में सात निश्चय योजना के तहत हो रहे नाली निर्माण ने विवाद को सतह पर ला दिया है। पंचायत के पूर्व मुखिया मुखलाल महतो ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है।
बक्सर । प्रखंड के लाखनडीहरा पंचायत के अमथुआ गांव में सात निश्चय योजना के तहत हो रहे नाली निर्माण ने विवाद को सतह पर ला दिया है। पंचायत के पूर्व मुखिया मुखलाल महतो ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि जिस जगह पर नाली का निर्माण हो रहा है, वहां पहले से ही पुराना नाली है। इस कारण राशि का दुरुपयोग हो रहा है। पुराना नाली से अलग नया नाली के निर्माण से सड़क का अतिक्रमण हो रहा है। जिस कारण आवागमन की समस्या गंभीर होगी। विवाद बढ़ते हुए लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी तक पहुंच गया है। इस निर्माण से विवाद इस कदर बढ़ गया है कि दो पक्षों में तनाव बन गया है। लिहाजा, गुरुवार को बीडीओ प्रमोद कुमार स्वयं अमथुआ पहुंच गए। उन्होंने शिकायत की सभी ¨बदुओं पर गहराई से पड़ताल की। साथ ही, मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत हो रहे योजना कार्य की भी पड़ताल की। जांच के बाद बीडीओ ने बताया कि जिस जगह नयी नाली का निर्माण हो रहा है, वहां एक पुराना नाली है। किस परिस्थिति में पुरानी नाली को नजरअंदाज कर नए नाली का निर्माण किया जा रहा है। इसकी पड़ताल होगी। जेई के साथ ही अभिकर्ता को नोटिस दिया जा रहा है। 30 फीट पुराने नाली को किस कारण नजरअंदाज कर नया नाली का प्रस्ताव लिया गया। नाली से पानी का सही निकासी हो सके, यह सुनिश्चित करना होगा। पहले से भी अतिक्रमण का मामला है। सीओ को अतिक्रमण मामले की जांच कर कार्रवाई को कहा जाएगा। उन्होंने कहा है कि योजना का काम सही चल रहा है।