माखन मिश्री का भोग लगाकर हर्षोल्लास से मनी जन्माष्टमी
भादो महीने के कृष्णपक्ष की अष्टमी दिन मंगलवार को श्रीकृष्णजन्मोत्सव लोगों ने हर्षोल्लास के साथ अपने घरों में मनाई। इस अवसर पर कई बच्चों ने कान्हा के बाल स्वरूप को धर लोगों के मन को मोहा। इस छवि में देखकर लोगों ने उनका उत्साहवर्धन भी किया।
बक्सर : भादो महीने के कृष्णपक्ष की अष्टमी दिन मंगलवार को श्रीकृष्णजन्मोत्सव लोगों ने हर्षोल्लास के साथ अपने घरों में मनाई। इस अवसर पर कई बच्चों ने कान्हा के बाल स्वरूप को धर लोगों के मन को मोहा। इस छवि में देखकर लोगों ने उनका उत्साहवर्धन भी किया। हालांकि, मठ मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव आज बुधवार को मनाया जाएगा। श्रीकृष्णजन्माष्टमी को लेकर दो दिन पूर्व से ही लोग उत्साहित थे। इस दौरान घरों में ही कोई कान्हा की आकर्षक पोशाक बनाने में जुटा हुआ था तो कुछ ने बाजार से इसकी खरीदारी की। इस बाबत नया बाजार की नेहा व उषा तिवारी ने बताया कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर शहर में लगे लॉकडाउन की वजह से विशेष दुकानें तो नहीं खुली थीं। परंतु, रामरेखाघाट समीप खुली एक दुकान से लोगों ने कान्हा के मनमोहक पोशाक, मुकुट, बांसुरी, मोरपंख आदि सामग्रियों की खरीदारी की। यस व सन्नी ने बताया कि भगवान के जन्मोत्सव को लेकर पूजा स्थल की विशेष सजावट दो दिन पूर्व से ही जारी थी। इधर, कृष्णजन्मोत्सव को लेकर सुबह से ही लोगों के घरों में खुशी का माहौल बना हुआ था। दैनिक तरीके से स्नान, ध्यान के बाद जहां महिलाएं भगवान को भोग के लिए माखन, धनिए की पंजीरी समेत अन्य मिष्ठान व पंचामृत बनाने में जुटी हुई थीं। वहीं, बच्चे भगवान को सेलिब्रेट करने को लेकर तनमन से पूजा स्थल की सजावट में जुटे हुए थे। - रात्रि 12 बजे खुशियों का फैला उजियारा जैसे ही घड़ी की सुई रात्रि के 12 बजे पर पहुंची। लोगों के घरों से शंख, घंटी आदि ध्वनि की गूंज निकलने लगी। वहीं, नन्द के घर आनंद भयो. व आरती कुंज बिहारी की, गिरिधर कृष्ण मुरारी की.. आदि आरती की बोल सुनाई पड़ने लगी। लोगों के घरों से धूप-बत्ती की निकलती खुशबू और भी वातावरण को सुगन्धित बनाए हुए था। जिससे पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ था। अमूमन इस समय में जहां वीरानी छाई रहती है। वहां आज खुशियों का उजियारा फैला प्रतीत हो रहा था। कई घरों में भजन-गायन का दौर शाम से ही जारी था। - नया बाजार आश्रम में जन्माष्टमी महोत्सव आज अष्टमी तिथि में सूर्य का उदय होने के कारण वैष्णव महात्मा गण आज बुधवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाएंगे। इसकी जानकारी देते हुए नया बाजार स्थित महोत्सव स्थल के महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने बताया कि कार्यक्रम रात्रि में होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या कम ही रहती है। हालांकि, इस दौरान आश्रम पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से मास्क का उपयोग किए जाने और एक-दूसरे के मध्य दो गज की दूरी बनाए रखने को आवश्यक बताया है।