डीएम ने लिया सिमरी के प्रमुख छठ घाटों का जायजा
जिला पदाधिकारी राघवेंद्र ¨सह ने शनिवार को प्रखंड क्षेत्र के सारे गंगा घाटों का जायजा लिया और स्थानीय अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बक्सर । जिला पदाधिकारी राघवेंद्र ¨सह ने शनिवार को प्रखंड क्षेत्र के सारे गंगा घाटों का जायजा लिया और स्थानीय अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि नगपुरा, फूलीमिश्र के डेरा, केशोपुर एवं हनुमान गंगा घाट पर सुरक्षा के लिए तत्काल बैरिके¨डग कराने, हर जगह गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति करने, घाटों की साफ-सफाई एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने कहा कि पर्व विशेष के मौके पर लापरवाही बरतने वाले बख्से नहीं जाएंगे और उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी। अनुमंडल पदाधिकारी हरेंद्र राम ने कहा कि सारे गंगा घाटों पर अंचल राजस्व कर्मचारी के साथ गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। इसके अलावा सिमरी अंचल प्रशासन को महाजाल भी उपलब्ध करा दिया गया है। मौके पर मौजूद बलिहार पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि भरत शर्मा व्यास एवं केशोपुर पंचायत के मुखिया संतोष वर्मा ने जिला पदाधिकारी को आश्वस्त करते हुए कहा कि निर्धारित समय से पूर्व पंचायत अंतर्गत गंगा घाटों की साफ-सफाई, बैरिके¨डग और प्रकाश की व्यवस्था मुहैया कराने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। ताकि, व्रतियों को भगवान भास्कर के अर्घ्य अर्पण करने के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। केशोपुर पंचायत के मुखिया ने जिला पदाधिकारी से प्रत्येक गंगा घाटों पर पुलिस बल तैनात करने की मांग की। जिस पर उन्होंने सार्थक पहल करने की बात कही। आयोजित कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी हरेन्द्र राम, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार गौतम, अंचलाधिकारी आमोद राज, बलिहार पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि भरत शर्मा व्यास, पूर्व उप मुखिया संतोष मिश्रा, पूर्व उपसरपंच दिलीप यादव, केशोपुर पंचायत के मुखिया संतोष वर्मा, अजय प्रसाद, अमरेंद्र यादव सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद थे। बताते चलें कि, बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग गंगा के किनारे लोक आस्था का महापर्व छठ का अनुष्ठान करते हैं। इधर, हाल के दिनों में कटाव के चलते गंगा के स्वरूप में काफी विकृति आई है। ऐसी स्थिति में स्थानीय प्रशासन ने पर्व पूर्व तैयारी के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रखा है।