नावानगर से अपहृत युवती सोनागाछी से बरामद
बक्सर। नावानगर थाना क्षेत्र से अपहृत एक युवती को कोलकाता के सोनागाछी से बरामद किया गया है। साथ ही एक मानव तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। तस्कर रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र के कवई गांव का रहने वाला है।
बक्सर। नावानगर थाना क्षेत्र से अपहृत एक युवती को कोलकाता के सोनागाछी से बरामद किया गया है। साथ ही एक मानव तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। तस्कर रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र के कवई गांव का रहने वाला है।
इस संदर्भ में विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक विजयादशमी के दिन नावानगर से दो युवतियों का अपहरण कर लिया गया था। जिन्हें ले जाकर पश्चिम बंगाल के कोलकाता के क्षेत्र रेड लाइट एरिया सोनागाछी में बेच दिया गया था। मामले को लेकर नावानगर थाना पुलिस को सूचना भी दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने कोलकाता पुलिस की सहायता से एक युवती को सोनागाछी से बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि युवती के साथ दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, पुलिस सूत्र केवल एक ही तस्कर के गिरफ्तारी की बात बता रहे हैं। यह कार्रवाई सोमवार को ही की गयी थी। हालांकि, पुलिस ने इस संदर्भ में अभी तक कोई खुलासा नहीं किया है। माना जा रहा है कि, पुलिस गिरफ्तार तस्कर के सहारे दूसरी युवती की बरामदगी के साथ ही पूरे गैंग का खुलासा करना चाहती है। बताया जा रहा है कि, गिरफ्तार युवक रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र के कवई गांव का विकास कुमार है। घटना के संदर्भ में नावानगर थानाध्यक्ष से बात करने की कोशिश की गई। लेकिन, क्राइम मीटिग में होने के कारण उनसे संपर्क नहीं हो सका।