हर्ष फायरिंगः बक्सर में जन्मदिन के जश्न में कर दिया फायर, गोली लगने से एक युवक घायल Buxar News
बिहार में एक बार और हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। बक्सर में सोमवार की रात जन्मदिन के दौरान जश्न में चली गोली में एक युवक घायल हो गया।
बक्सर, जेएनएन। जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के उनवांस गांव में बीती रात नाच के दौरान गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जन्मदिन पर चल रहा था जश्न
घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक इटाढ़ी थाना क्षेत्र के उनवांस गांव में सोमवार की रात स्थानीय गांव के उत्तर टोला में मल्लू शाह के घर पौत्र के जन्म की खुशी में नाच का कार्यक्रम आयोजित था। इसमें नाच-गाना चल रहा था। सभी जश्न में मशगूल थे।
युवक को छूकर निकल गई गोली
कार्यक्रम के दौरान किसी ने फायरिंग कर दी। जिसमें स्थानीय निवासी विद्यार्थी राम के पुत्र आशुतोष (18) घायल हो गए। आनन-फानन में जख्मी युवक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज कर रहे चिकित्सकों ने बताया गोली युवक को छूकर निकल गई है।
पीछे से आकर लगी गोली
घायल युवक की हालत अब खतरे से बाहर है। जख्मी युवक ने बताया कि वह बैठकर नाच देख रहा था। इसी बीच उसे पीछे से आकर गोली लग गई। इस संदर्भ में इटाढ़ी थानाध्यक्ष ने बताया कि जख्मी युवक के घर के बगल में सतईसा के दौरान नाच का आयोजन था। जिसे देखने गए युवक को गोली लग गई है। मामले की जांच की जा रही है।