बक्सर: बरसात में भरभराकर गिरा मिट्टी का घर, मलबे में दबकर बुजुर्ग की मौत
बक्सर के डुमरांव में बारिश के दौरान मिट्टी का घर गिरने से 74 वर्षीय महेंद्र यादव की मलबे में दबकर ...और पढ़ें

बक्सर: बरसात में भरभराकर गिरा मिट्टी का घर, मलबे में दबकर बुजुर्ग की मौत
HighLights
बक्सर में बारिश के दौरान मिट्टी का घर ढहा।
मलबे में दबकर 74 वर्षीय बुजुर्ग महेंद्र यादव की मौत।
परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार।
संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। कोरान सराय थाना क्षेत्र के सूरज डेरा (मुगांव) गांव में सोमवार की सुबह बरसात के दौरान मिट्टी का घर अचानक भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से घर में सो रहे 74 वर्षीय बुजुर्ग महेन्द्र यादव की मौत हो गई। घटना के बाद स्वजन में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम पसर गया।
बताया जाता है कि सोमवार की सुबह बरसात हो रही थी। महेन्द्र यादव अपने मिट्टी के घर में खटिया बिछाकर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक मकान के ऊपरी हिस्से की मिट्टी की दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ी।
घर गिरने की आवाज सुनकर स्वजन घबरा गए और चीख-पुकार मचाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी पहुंचे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मिट्टी का मलबा हटाकर बुजुर्ग को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
इस घटना की सूचना मिलते ही कोरान सराय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू करनी चाही, लेकिन स्वजन ने इससे इनकार कर दिया।
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि मृतक के इकलौते पुत्र कल्लू यादव और भाई निर्मल यादव ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया है।
बुजुर्ग की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। बरसात के बीच मिट्टी के मकान ढहने से हुई इस घटना ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान जर्जर और मिट्टी के मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता की जरूरत है।
