Buxar News: सुबह-सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्राया बक्सर, बालू विवाद में ट्रिपल मर्डर, 2 लोगों की हालत गंभीर
बिहार के बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में बालू गिराने को लेकर हुए विवाद में अंधाधुंध गोलीबारी हुई जिसमें सुनील सिंह और विनोद सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि एक की मौत अस्पताल ले जाने के क्रम में हुई। दो लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए जिन्हें वाराणसी रेफर किया गया है। राजपुर पुलिस और सदर एसडीपीओ घटना की छानबीन कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अहियापुर में अंधाधुंध गोलीबारी में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति की मौत अस्पताल ले जाने के क्रम में हुई। वहीं, गम्भीर रूप से जख्मी दो लोगों को वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
सड़क किनारे बिक्री के लिए बालू गिराने को लेकर हुई दोहरे हत्या की सूचना मिलते ही मौके पर राजपुर पुलिस के साथ सदर एसडीपीओ पहुंचकर घटना की छानबीन में जुट गए हैं।
जानकारी देते हुए राजपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि राजपुर जलहरा मार्ग पर अहियापुर गांव के सामने मुख्य सड़क पर सुनील सिंह की पहले से बालू बिक्री की दुकान चल रही थी।
इस बीच गांव के ही मनोज मुखिया और उनके भाई संतोष ने सुनील की बालू दुकान के बगल में ही अपना बालू गिरा दिया था, जिसको लेकर दोनों पक्ष के बीच काफी विवाद हुआ था और सुनील सिंह ने मनोज मुखिया को वहां दुकान खोलने से मना किया था।
सुनील सिंह के घर शुक्रवार को बारात आनी थी, जिसमें परिवार व्यस्त था, तभी मनोज मुखिया ने फिर सुनील के बालू दुकान के बगल में अपना बालू गिरा दिया।
इसकी जानकारी मिलते ही शुक्रवार को भी दिन में दोनों पक्ष के बीच झड़प हुई थी। पर, घर मे बारात आने के कारण सुनील सिंह का परिवार शांत पड़ गया कि बारात बीत जाने के बाद इसपर बातचीत की जाएगी।
शनिवार की सुबह सुनील सिंह का परिवार बारात की विदाई में व्यस्त था, तभी दूसरे पक्ष के लोग हथियारों से लैस होकर आए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
इन लोगों की हुई मौत
इस घटना में 50 वर्षीय सुनील सिंह और विनोद सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, घायलों में से एक और वीरेंद्र यादव की वाराणसी जाने के क्रम में मौत हो गई है। दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस हमलावरो की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है वही मौके पर सदर डीएसपी धीरज कुमार भी पहुंचकर छानबीन में जुट गए हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।