डीएम के औचक निरीक्षण में कई पर गाज
बक्सर : जिलाधिकारी रमण कुमार ने शनिवार को राजपुर व इटाढ़ी प्रखंड कार्यालयों का औचक ि
बक्सर : जिलाधिकारी रमण कुमार ने शनिवार को राजपुर व इटाढ़ी प्रखंड कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थित मिले कर्मचारियों का उन्होंने एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। साथ ही उनसे स्पष्टीकरण की मांग की। फर्स्ट आवर में हुए इस निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने शाम को समाहरणालय को जब जायजा लिया तो वहां भी कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी अनुपस्थित कर्मियों का एक दिन का वेतन काटने के लिए कहा गया है। साथ ही उनसे स्पष्टीकरण की मांग की गई है। डीएम ने बताया कि अब यह प्रक्रिया लगातार चलेगी।
बताया जाता है कि जिलाधिकारी ने इस दिन कार्यालयों के औचक निरीक्षण का मूड बनाया था। इस तरह वह सबसे पहले वह 10.10 बजे राजपुर प्रखंड कार्यालय पहुंच गये। इससे वहां अफरातफरी मच गयी। वहां बीडीओ तो अवकाश पर थे। परन्तु, अंचलाधिकारी व अंचल निरीक्षक का कार्यालय कक्ष बंद पाया गया। बाद में अंचलाधिकारी ने जहां धनसोई में पेट्रोल पंप से संबंधित किसी भूमि विवाद में खुद के होने की बात कही तो अपने कार्यालय से अनुपस्थित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ने दूरभाष पर बताया कि वह क्षेत्र में हैं। इसी तरह कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा का कार्यालय कक्ष भी बंद था और वे वहां अनुपस्थित पाए गये। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से एक चिकित्सक डा.शशिशेखर योगदान के बाद से ही गैरहाजिर मिले। जिलाधिकारी ने इस गैरहाजिर पदाधिकारियों व चिकित्सक का वेतन अवरुद्ध कर दिया। इस दौरान वहां प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक समेत कई और अधिकारी अनुपस्थित थे, जिनका वेतन जिलाधिकारी ने अवरुद्ध कर दिया। इसके अतिरिक्त यहां 23 कर्मचारी अनुपस्थित मिले।
राजपुर से निकले डीएम 11.15 बजे इटाढ़ी प्रखंड कार्यालय पहुंच गये। वहां निरीक्षण में उन्हें प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाध्किारी उपस्थित थे। जबकि, कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, कनीय अभियंता मनरेगा, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी आदि अनुपस्थित पाए गये। इनमें स्थाई पदाधिकारियों का वेतन अवरुद्ध करने तथा संविदा वालों का अनुपस्थित अवधि का वेतन काटने का निर्देश दिया गया। बहरहाल, जिलाधिकारी के इस औचक निरीक्षण कार्यक्रम से वहां हड़कंप की स्थिति व्याप्त रही। इधर, शाम में जब जिलाधिकारी ने समाहरणालय का निरीक्षण किया तो वहां भी उन्हें कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने बताया कि इनकी सूची अभी तैयार की जा रही है कि कितने कर्मचारी अनुपस्थित मिले हैं। उन्होंने बताया कि इन सभी पर भी कार्रवाई की जाएगी।