श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को देख भाव विभोर हुए श्रद्धालु
ब्रम्हपुर विधायक शंभूनाथ सिंह यादव के सौजन्य से सोन हरदेव फ्लावर मिल चक्की के प्रांगण में मंगलवार को देर शाम से रासलीला कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
बक्सर : ब्रम्हपुर विधायक शंभूनाथ सिंह यादव के सौजन्य से सोन हरदेव फ्लावर मिल चक्की के प्रांगण में मंगलवार को देर शाम से रासलीला कार्यक्रम की शुरुआत हुई। वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा रासलीला में देवकी वसुदेव विवाह कृष्ण जन्म एवं जन्मोत्सव बधाई का बड़ा ही भावपूर्ण मंचन किया गया।
रासलीला में महाराजा कंस और देवकी के भाई बहन का प्यार, वसुदेव और देवकी का विवाह उत्सव देख कर ऐसा लगता था कि दुनिया के सब भाइयों से बढ़ कर देवकी के भाई महाराजा कंस थे। लेकिन, मात्र एक आकाशवाणी ने 'देवकी का आठवां पुत्र ही कंस की मौत का कारण बनेगा' कंस को अपनी जान से प्यारी बहन देवकी पर अत्याचार करने को विवश कर दिया। अत्याचारों की झलकियां जब प्रस्तुत की गई तो बैठे हुए भक्त भी अपने आंसू नहीं रोक पाए। देवकी और बसुदेव के कारागार की पीड़ा लोगों के चेहरों पर पढ़ी जा सकती थी। एक-एक कर जब देवकी के सातों बच्चों को मौत के घाट उतार दिया गया। जब भगवान कृष्ण का जन्म हुआ और वासुदेव भगवान कृष्ण को नंद गांव छोड़ आए। भगवान कृष्ण के जन्म पर जब मयूर खुश होकर नृत्य करने लगे, उनका नृत्य मनमोहक एवं आनंदमय था। दूसरी ओर गोकुल वासियों को जैसे ही इस बात की सूचना मिली सर्वत्र खुशियों का साम्राज्य स्थापित हो गया। घरों में बधाइयों के गीत होने लगे। कार्यक्रम स्थल का भी नजारा कुछ ऐसा ही था। भगवान कृष्ण के जन्म होते हो 'अच्युतम केशवम राम नारायणम कृष्ण दामोदरम वासुदेवम हरि' के जयघोष से पूरा कार्यक्रम स्थल गूंज उठा। बताते चलें कि आयोजित कार्यक्रम के दौरान यजमान के रूप में राजापुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अंगद यादव और ललिता देवी सपरिवार अपनी सहभागिता सुनिश्चित कराई। इस मौके पर राजद के सिमरी मंडल अध्यक्ष अमीरीलाल यादव, हरेंद्र यादव, गोलू कुमार, धनंजय मास्टर सहित हजारों की संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद थे।