विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के बक्सर में मिठाई खाने से एक ही परिवार के 9 लोग बीमार, दुकान सील; जांच रिपोर्ट से खुलेगा राज

Published: Thu, 10 Sep 2026 08:50 PM (IST)

बक्सर के डुमरांव में एक ही परिवार के नौ लोग मिठाई खाने के बाद बीमार पड़ गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल ...और पढ़ें

प्रशासन ने मिठाई दुकान को किया सील

प्रशासन ने मिठाई दुकान को किया सील

HighLights

  1. डुमरांव में मिठाई खाने से एक परिवार के नौ सदस्य बीमार।

  2. सभी बीमारों को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, हालत स्थिर।

  3. प्रशासन ने राजगढ़ चौक स्थित मिठाई दुकान को सील किया, जांच जारी।

संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। डुमरांव के राजगढ़ चौक स्थित एक मिठाई दुकान से खरीदी गई मिठाई खाने के बाद कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में एक ही परिवार के नौ लोग बीमार पड़ गए। गुरुवार शाम मिठाई खाने के कुछ ही देर बाद कई लोगों को उल्टी, दस्त और लूज मोशन की शिकायत होने लगी।

एक साथ कई लोगों की तबीयत बिगड़ने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। सभी को तत्काल डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत स्थिर बताई गई और किसी को रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ी।

खुशी में बांटी गई थी मिठाई, खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, धनेश्वर सिंह ने बुधवार शाम राजगढ़ चौक स्थित प्रजापति मिष्ठान भंडार से एक किलो क्रीम वाली मिठाई और एक किलो काला जामुन खरीदा था। परिवार में संदीप कुमार सिंह के घर पुत्र के जन्म की खुशी में गुरुवार शाम मिठाई बांटी गई।

मिठाई खाने के तुरंत बाद कुछ लोगों ने मुंह का स्वाद बदलने की शिकायत की और इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

परिजनों ने बची हुई मिठाई सुरक्षित रख दी और सभी को अस्पताल लेकर पहुंचे। स्वजनों ने मिठाई की गुणवत्ता पर आशंका जताई है, हालांकि बीमारी का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

प्रशासन ने मिठाई दुकान को किया सील

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वजनों ने प्रशासन को सूचना दी। एसडीएम राजीव कुमार और डीसीएलआर टेशलाल सिंह अस्पताल पहुंचे और मरीजों का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों और परिवार के सदस्यों से भी घटना की जानकारी ली।

प्रशासन की मौजूदगी में पुलिस ने राजगढ़ चौक स्थित प्रजापति मिष्ठान भंडार को सील कर दिया। एसडीओ ने बताया कि बची हुई मिठाई का नमूना जांच के लिए भेजने की तैयारी है।

रिपोर्ट में मिलावट, खराबी या अन्य गड़बड़ी की पुष्टि होने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल में सभी की हालत स्थिर

बीमार लोगों में लालबाबू सिंह (55), रीना देवी/सिंह (33), अंजली सिंह (36), प्रियंका सिंह (32), प्रीति सिंह/कुमारी (26), गीता देवी/सिंह, रेयांश/रियांस (6), अनिल कुमार सिंह/अरुण सिंह (49) समेत अन्य स्वजन शामिल हैं।

चिकित्सकों डा. शिव कुमार चौधरी और डा. लोकेश कुमार के अनुसार दवा और इंजेक्शन देने के बाद सभी की हालत नियंत्रण में है। फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। अब प्रशासन और परिवार को जांच रिपोर्ट का इंतजार है।