बक्सर पहुंचेगी अखंड ज्योति रथ यात्रा, गंगा संरक्षण को लेकर किया जाएगा जागरुक
सनातनी गंगा फाउंडेशन की अखंड ज्योति रथ यात्रा 26-27 फरवरी को बक्सर पहुंचेगी। इसका उद्देश्य गंगा की पवित्रता, अविरलता और निर्मलता के प्रति जनमानस को जागरूक करना है।
-1771673914009_m.webp)
बक्सर पहुंचेगी अखंड ज्योति रथ यात्रा। (जागरण)
HighLights
अखंड ज्योति रथ यात्रा 26-27 फरवरी को बक्सर पहुंचेगी।
गंगा की पवित्रता, अविरलता हेतु जन जागरूकता अभियान।
रामरेखा घाट पर भव्य गंगा आरती, पर्यावरणीय संदेश।
जागरण संवाददाता, बक्सर। सनातनी गंगा फाउंडेशन के तत्वावधान में गंगोत्री से प्रस्थान कर रही अखंड ज्योति रथ यात्रा 26-27 फरवरी को बक्सर पहुंचेगी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अखंड ज्योति रथ यात्रा के माध्यम से जनमानस को गंगा की पवित्रता, अविरलता और निर्मलता के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम को लेकर फाउंडेशन का एक दल शुक्रवार की शाम गंगा सेवा समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर यात्रा के स्वागत, मैराथन, स्केटिंग एवं मां गंगा की चरण पादुका कार्यक्रम पर चर्चा की।
जिसमें रामरेखा घाट पर भव्य गंगा आरती आयोजित करने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। गंगा आरती को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए उसे पर्यावरणीय संदेश से जोड़ने पर भी सहमति बनी।
आरती के दौरान गंगा संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त घाट, स्वच्छता अभियान और नदी के प्रति जिम्मेदार नागरिक व्यवहार पर संदेश दिए जाएंगे। आयोजकों का मानना है कि ऐसे अवसरों पर दिया गया संदेश लोगों के मन में स्थायी प्रभाव छोड़ता है।
फाउंडेशन के राष्ट्रीय समन्वयक विवेक तिवारी ने बताया कि बक्सर प्रवास के बाद रथ यात्रा उसी दिन आरा के लिए रवाना होगी। बैठक में स्वामी शैलेशाचंद्र, रोहतास गोयल, राम स्वरूप अग्रवाल समेत अन्य मौजूद थे।
