आरा और पटना तक का सफर होगा आसान, बक्सर जिले में आई फोरलेन की नई योजना
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बक्सर-कोईलवर तटबंध को फोरलेन करने की घोषणा की है, जिससे दियारा क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगी है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
संवाद सहयोगी, सिमरी (बक्सर)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बक्सर-कोईलवर तटबंध को फोरलेन किए जाने की बात कहकर दियारा क्षेत्र के लोगों में विकास की नई उम्मीद जगा दी है।
लंबे समय से बेहतर सड़क और सुगम आवागमन की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों को इस घोषणा से क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
तटबंध के फोरलेन होने से बक्सर से दियारा क्षेत्र के विभिन्न गांवों तक आवागमन आसान होने के साथ ही पटना और आरा समेत अन्य प्रमुख शहरों से संपर्क भी बेहतर होने की संभावना है।
रोजगार के सृजित होंगे अवसर
फोरलेन निर्माण से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय स्तर पर मजदूरों, वाहन चालकों, तकनीकी कर्मियों और अन्य कामगारों को रोजगार मिल सकता है।
सड़क निर्माण पूरा होने के बाद भी होटल, ढाबा, परिवहन, मरम्मत केंद्र तथा अन्य छोटे-बड़े व्यवसायों के विस्तार से रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं।
व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
दियारा क्षेत्र में कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को भी फोरलेन सड़क से लाभ मिलने की उम्मीद है। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी और परिवहन लागत तथा समय में कमी आ सकती है।
स्थानीय बाजारों में कारोबार बढ़ने से छोटे व्यापारियों और व्यवसायियों को भी फायदा मिलने की संभावना है। ग्रामीणों का कहना है कि बेहतर सड़क सुविधा से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए बाहर जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।
फोरलेन को केवल सड़क परियोजना के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। बेहतर कनेक्टिविटी से दियारा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और रोजगार सहित कई क्षेत्रों में बदलाव की संभावना है। यदि योजना गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी होती है तो बक्सर-कोइलवर तटबंध दियारा क्षेत्र के विकास की मजबूत आधाररेखा बन सकता है।
श्रीभगवान सिंह त्यागी, नगवां
तटबंध पर रलेन बनने से दियारा क्षेत्र के कारोबार को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। अभी सड़क की स्थिति और आवागमन की परेशानी के कारण बड़े व्यापारी इस क्षेत्र से जुड़ने में रुचि नहीं दिखाते। बेहतर सड़क बनने के बाद बक्सर, आरा और अन्य शहरों से व्यापारिक संपर्क मजबूत होगा। माल की आवाजाही आसान होने से दुकानदारों, परिवहन कारोबारियों और छोटे व्यापारियों को भी बाजार विस्तार का अवसर मिल सकता है।
मदन राय (मुखिया), राजापुर
दियारा क्षेत्र के युवाओं के लिए फोरलेन की घोषणा रोजगार की नई उम्मीद लेकर आई है। सड़क बनने के बाद परिवहन, होटल, ढाबा, वाहन मरम्मत और छोटे कारोबार तेजी से बढ़ सकते हैं। इससे युवाओं को अपने गांव और आसपास ही रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। अभी रोजगार के लिए बड़ी संख्या में युवाओं को बाहर जाना पड़ता है। बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय स्तर पर काम के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
जितेन्द्र दुबे, पाण्डेयपुर
फोरलेन बनने से दियारा क्षेत्र के किसानों को सबसे बड़ा लाभ अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में होगा। अभी खराब सड़क और आवागमन की परेशानी के कारण सब्जी, अनाज और अन्य कृषि उत्पाद समय पर बाजार नहीं पहुंच पाते हैं। सड़क बेहतर होने से परिवहन आसान होगा और बक्सर, आरा समेत बड़े बाजारों तक पहुंच बढ़ेगी। इससे किसानों को बेहतर बाजार मिलने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की उम्मीद है।
