पहले डुमरांव का कलावती, फिर BR-44 रेस्टोरेंट पर कार्रवाई; बक्सर में कई ठिकानों पर पुलिस की नजर
बक्सर जिले में रेस्टोरेंट की आड़ में अनैतिक गतिविधियों के मामले सामने आने के बाद पुलिस ने डुमरांव के कलावती और बक्सर के बीआर-44 रेस्टोरेंट को सील कर दिया है।

बक्सर में केबिन वाले रेस्टोरेंट पर पुलिस की नजर। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
बक्सर में रेस्टोरेंट की आड़ में अनैतिक कार्य उजागर।
डुमरांव का कलावती और बक्सर का बीआर-44 रेस्टोरेंट सील।
पुलिस की रडार पर जिले के कई अन्य फैमिली रेस्टोरेंट।
जागरण संवाददाता, बक्सर। जिले में रेस्टोरेंट के नाम पर लाइसेंस लेकर उनमें धड़ल्ले से होटलों में चलने वाले अनैतिक कार्यों को अंजाम दिए जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
इन रेस्टोरेंट में खाने पीने के लिए फैमिली केबिन के अलावा स्टाफ रूम के नाम पर बनाए गए छोटे-छोटे कमरों का अनैतिक कार्यों के लिए उपयोग किया जा रहा है।
इसकी सूचना प्रशासन को मिलते ही छापेमारी करते हुए अब तक दो रेस्टोरेंट को सील किया जा चुका है। पुलिस की काली सूची में बक्सर जिले के अभी कई रेस्टोरेंट शामिल हैं जो पुलिस की रडार पर चल रहे हैं।
डुमरांव का कलावती रेस्टोरेंट का एक कमरा सील
दरअसल इस मामले में दो युवतियों का जब बयान सामने आया कि रेस्टोरेंट के एक कमरे में उसके साथ अनैतिक कार्य किया गया तब जाकर पुलिस की आंख खुली।
छापेमारी के बाद लगाए गए आरोपों के प्रमाण मिलने पर रेस्टोरेंट को सील कर दिया गया। इसमें सबसे पहला नाम आता है डुमरांव के कलावती रेस्टोरेंट का जिसके एक कमरे को प्रशासन द्वारा करीब एक माह पूर्व सील किया गया है।
दरअसल 29 अगस्त को एक विद्यालय की पूर्ववर्ती छात्रा का एक वीडियो एक शिक्षक ने ही इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया था।
मामला उजागर होने के बाद लड़की ने पुलिस को दिए अपने बयान में इस बात का आरोप लगाया था कि उसके पूर्व शिक्षक ने अश्लील तस्वीरें बनाकर ब्लैकमेल करते हुए कई बार कलावती रेस्टोरेंट में बने एक कमरे में ले जाकर उसके साथ गंदा काम किया है।
इस मामले में शिक्षक की गिरफ्तारी के बाद रेस्टोरेंट पर छापेमारी की गई, जहांं घटना से संबंधित साक्ष्य पाए जाने के बाद डुमरांव पुलिस ने उसे सील कर दिया।
डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि जिस कमरे में लड़की के साथ अनैतििक कार्य हुआ था वह रेस्टोरेंट संचालक के अनुसार होटल स्टाफ के नाम पर बनवाया गया था।
लेकिन स्टाफ के नाम पर बने कमरों का उपयोग मोटे पैसे लेकर प्रेमी जोड़ों को अनैतिक कार्यों के लिए दिया जा रहा था।
शादी का झांसा देकर रेस्टोरेंट में यौन शोषण
डुमरांव की ही एक अन्य युवती ने मुहल्ले के ही एक युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए 29 जून को महिला थाना में घटना की प्राथमिकी कराई थी।
अपने आवेदन में युवती ने इस बात का उल्लेख किया है कि 14 जून की शाम तीन बजे के करीब आरोपित युवक बक्सर के बीआर 44 रेस्टोरेंट में ले जाकर उसके एक केबिन में अनैतिक कार्य किया।
हालांकि अनुसंधान के शुरूआती दौर में महिला पुलिस द्वारा इस रेस्टोरेंट के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। पर डुमरांव का रेस्टोरेंट सील होते ही पुलिस को इसकी भी याद आई।
आनन फानन में आठ सितम्बर की शाम सदर एसडीओ की मौजूदगी में छापेमारी करते हुए बीआर 44 रेस्टोरेंट पर छापेमारी की।
वहां बने केबिनों से कुछ आपत्तिजनक सामान बरामद करने के बाद सील कर दिया गया। युवती द्वारा यह स्पष्ट नहीं किया गया कि रेस्टोरेंट के कमरे में उसे ले जाया गया था अथवा केबिन में ही उसके साथ गलत हुआ था।
पुलिस की रडार पर कई फैमिली रेस्टोरेंट और होटल
पुलिस के अनुसार जिन दो युवतियों ने होटलों में ले जाकर अनैतिक कार्य किए जाने का आरोप लगाया है, उनके बयान के अनुसार बक्सर और डुमरांव शहर के अलावा एनएच 922 पर भी कई रेस्टोरेंट और फॅेमिली रेस्टोरेंट मौजूद हैं जिनमें आरोपित पीड़ित युवतियों को ले जाकर अपनी मनमानी करते रहे हैं।
उन सभी होटलों और रेस्टोरेंट की सूची बनाते हुए पुलिस ने ऐसे सारे रेस्टोरेंट को अपनी रडार पर ले लिया है जो होटलों में चलने वाला अनैतिक कार्य धड़ल्ले से करा रहे हैं। पुलिस इनकी गुप्त रूप से निगरानी करा रही है और किसी भी समय उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।
