बक्सर में किसान की गला रेतकर हत्या, पिता को खाना पहुंचाने निकला था; हाथ-पैर पर भी मिले जख्म
बक्सर के भटवलिया गांव में एक किसान हरिभजन सिंह कुशवाहा की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वे अपने पिता ...और पढ़ें

घटनास्थल पर जुटी ग्रामीणों की भीड़। जागरण
HighLights
भटवलिया गांव में किसान हरिभजन सिंह कुशवाहा की हत्या।
पिता को खेत पर भोजन पहुंचाने के दौरान हुआ हमला।
पुलिस जांच में एक व्यक्ति को नामजद किया गया।
जागरण संवाददाता, बक्सर। औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत भटवलिया गांव में गुरुवार की शाम एक किसान की गला रेतकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान स्थानीय जीउत सिंह कुशवाहा के 40 वर्षीय पुत्र हरिभजन सिंह कुशवाहा के रूप में हुई है। वे बधार में खेत की रखवाली कर रहे पिता को भोजन पहुंचाने गए थे।
औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार ने बताया कि गुरुवार की रात 9:30 बजे के करीब घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंची।
हाथ, पैर समेत जांघ पर धारदार हथियार से जख्म के निशान
प्रथम दृष्टया मृतक के गले पर किसी धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान के अलावा हाथ, पैर और जांघ पर जख्म के निशान मिले हैं।
घरवालों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक हरिभजन सिंह के पिता गांव के बधार में तालाब के समीप झोपड़ी डालकर अपने मवेशियों और धान की फसल की रखवाली करते थे।
शाम 7.30 बजे के करीब हरिभजन सिंह अपने पिता को भोजन पहुंचाने के लिए गए थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया और उनकी हत्या कर दी।
मृतक के हाथ और पैर पर भी धारदार हथियार से जख्म के निशान मिले हैं, जिससे अनुमान किया जा रहा है कि अपना बचाव करने के दौरान यह जख्म लगे होंगे।
घटना की जानकारी मिलते ही घटना स्थल पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद घरवालों को सौप दिया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि रात में पूछताछ के दौरान घरवालों ने बताया कि उनकी किसी से भी दुश्मनी नहीं है। हालांकि, सुबह घरवालों ने गांव के ही एक व्यक्ति को नामजद करते हुए आवेदन दिया है।
फिलहाल आवेदन में नामजद पर लगाए गए आरोपो का सत्यापन किया जा रहा है। इस मामले में अभी तक किसीके गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
