Buxar News: सरकारी जमीन खाली नहीं की तो चलेगा बुलडोजर, प्रशासन ने शुरू की मापी
बक्सर के सिमरी स्थित एकौना गांव में सड़क पर अतिक्रमण के कारण जलजमाव की समस्या पर प्रशासन ने सख्त रुख ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, सिमरी (बक्सर)। एकौना गांव में अतिक्रमण के कारण मुख्य सड़क पर लंबे समय से बने जलजमाव की समस्या को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बुधवार से सड़क की सरकारी जमीन की मापी का कार्य शुरू कर दिया गया है।
राजस्व पदाधिकारी के निर्देश पर चल रही इस प्रक्रिया को एक-दो दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। मापी कार्य पूरा होने के बाद जिन लोगों द्वारा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किया गया है, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा।
नोटिस के माध्यम से संबंधित अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह के भीतर स्वयं जमीन खाली करने का निर्देश दिया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि तय समय-सीमा के बाद भी यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो सरकारी स्तर पर बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान आने वाले समस्त खर्च की वसूली भी संबंधित लोगों से की जाएगी।
गौरतलब है कि अतिक्रमण के चलते सड़क की प्राकृतिक ढलान बाधित हो गई है, जिससे नाले का पानी सड़क पर पानी जमा हो गया है। जलजमाव के कारण राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार लोग फिसलकर गिर चुके हैं, जिससे उन्हें चोटें भी आई हैं।
बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह सड़क जोखिम भरी बन गई है। पंचायत के मुखिया अशोक राय ने बताया कि सड़क पर लगातार जलजमाव रहने से गांव की दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटने के बाद प्रशासन द्वारा तत्काल सड़क किनारे नाला निर्माण कराया जाएगा, जिससे पानी की निकासी सुचारू हो सकेगी और भविष्य में जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
