डुमरांव की 5.2 किमी सड़क का होगा कायाकल्प, 15 करोड़ की नई निविदा जारी; नवंबर से शुरू हो सकता है काम
डुमरांव बाजार क्षेत्र में बिहारशरीफ-डुमरांव राष्ट्रीय राजमार्ग 120 के 5.2 किलोमीटर जर्जर खंड के स्थायी पुनर्निर्माण के लिए 15.04 करोड़ ...और पढ़ें

डुमरांव के स्टेशन रोड में बदहाल है एनएच 120। जागरण
HighLights
डुमरांव NH 120 के 5.2 किमी खंड का पुनर्निर्माण।
15.04 करोड़ रुपये की नई निविदा जारी की गई।
निर्माण कार्य नवंबर से शुरू, नौ महीने में पूरा होगा।
शुभ नारायण पाठक, बक्सर। बिहारशरीफ-डुमरांव राष्ट्रीय राजमार्ग 120 के अंतर्गत डुमरांव बाजार क्षेत्र के 5.2 किलोमीटर जर्जर खंड के स्थायी पुनर्निर्माण के लिए नए सिरे से निविदा जारी हो गई है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (NHAI) और बिहार पथ निर्माण विभाग (BRCD) ने 15.04 करोड़ रुपये की नई निविदा आमंत्रित की है।
इस परियोजना के तहत निर्माण कार्य नौ महीने (270 दिन) में पूरा किया जाएगा, जबकि पांच वर्ष (60 महीने) की मेंटेनेंस अवधि तय की गई है।
प्रशासनिक प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद अक्टूबर 2026 के अंत तक निर्माण एजेंसी का चयन पूरा होने और नवंबर से निर्माण शुरू होने की संभावना है।
प्रक्रियागत चूक से टला काम, 1.5 से 2 महीने की देरी
इससे पहले अगस्त 2026 तक एजेंसी का चयन कर कार्य शुरू करने की योजना थी, लेकिन विभागीय अधिकारियों की प्रक्रियागत चूक के कारण पहली निविदा बिड खुलने के बाद रद करनी पड़ी थी।
दैनिक जागरण ने बीते 24 अगस्त को 'अफसरों की भूल, उड़ती रहेगी धूल' शीर्षक से खबर प्रकाशित कर अधिकारियों की चूक के कारण निविदा रद होने की जानकारी प्रकाशित की थी, तो लोग इसे जानकर काफी निराश हुए थे।
इसमें तीन एजेंसियों ने रुचि जताई थी। अब सितंबर में नए सिरे से निविदा जारी होने के कारण ठेका आवंटन की समयसीमा लगभग डेढ़ से दो महीने पिछड़ गई है।
बाईपास के पेच के बावजूद मिली विशेष स्वीकृति
डुमरांव शहर के लिए नया बाईपास प्रस्तावित होने के कारण एनएच डिवीजन इस पुराने मुख्य मार्ग पर केवल अस्थायी पैच मरम्मत करा रहा था।
बाईपास के निर्माण में संभावित विलंब और सड़क की जर्जर स्थिति को देखते हुए स्थानीय विधायक राहुल सिंह के प्रयासों से शासन स्तर पर इस मार्ग के स्थायी पुनर्निर्माण के लिए बजट एवं विशेष स्वीकृति हासिल की गई।
बाईपास बनने के बाद यह पैच राज्य सरकार के जिम्मे चला जाएगा। ऐसे मामलों में केंद्रीय मंत्रालय आम तौर पर सड़क का नवनिर्माण नहीं ही कराता है।
पटना-बक्सर एनएच 922 को फोरलेन बनाए जाने की योजना स्वीकृत होने के बाद कई वर्षों तक ऐसी समस्या लोगों को झेलनी पड़ी थी।
सड़क की वर्तमान स्थिति एवं राहत की उम्मीद
वर्तमान में डुमरांव बाजार से गुजरने वाला यह 5.2 किमी लंबा मार्ग गहरे गड्ढों और धूल से बदहाल है। रेलवे स्टेशन, प्रशासनिक कार्यालयों और आसपास की पंचायतों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग होने के कारण इस पर भारी वाहनों का अत्यधिक दबाव रहता है।
बिटुमिनस की नई मजबूत परत और जल निकासी व्यवस्था के साथ होने वाले इस निर्माण से स्थानीय लोगों को धूल व जर्जर सड़क की समस्या से स्थायी मुक्ति मिलेगी।
