विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बक्सर में बदलने वाली है बाजार की तस्वीर, पटना मरीन ड्राइव की तर्ज पर लगेंगी डिजाइनर दुकानें; अलग-अलग बनेगा जोन

Published: Wed, 09 Sep 2026 10:58 AM (IST)

बक्सर नगर परिषद शहर को व्यवस्थित और स्मार्ट बनाने के लिए पटना मरीन ड्राइव की तर्ज पर डिजाइनर दुकानें लगाएगी। ...और पढ़ें

पटना की तर्ज पर बक्सर में लगेंगी दुकानें।

पटना की तर्ज पर बक्सर में लगेंगी दुकानें।

HighLights

  1. पटना मरीन ड्राइव की तर्ज पर डिजाइनर दुकानें।

  2. फाइबर से बनी एक समान दुकानें उपलब्ध होंगी।

  3. शहर में रोजगार बढ़ेगा, बाजार होगा व्यवस्थित।

जागरण संवाददाता, बक्सर। शहर को व्यवस्थित और स्मार्ट स्वरूप देने की दिशा में नगर परिषद ने एक नई पहल शुरू की है। पटना मरीन ड्राइव की तर्ज पर बक्सर में भी डिजाइनर दुकानों को व्यवस्थित तरीके से लगाने की तैयारी की जा रही है।

नगर परिषद की ओर से फाइबर से बनी एक समान डिजाइन वाली दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी। इन दुकानों को जरूरतमंद लोगों को उचित राशि लेकर उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही दुकानदारों के लिए जगह भी नगर परिषद की ओर से निर्धारित की जाएगी।

नगर परिषद का मानना है कि इस पहल से शहर में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित किया जा सकेगा। इसके साथ ही एक ही श्रेणी के सामान की दुकानें एक निर्धारित स्थान पर रहने से लोगों को खरीदारी करने में भी सुविधा होगी।

अधिकारियों ने कई स्थानों का किया निरीक्षण

उपयुक्त स्थल का चयन करने को लेकर मंगलवार को नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक, स्वच्छता अधिकारी रवि कुमार सिंह, टाउन प्लानर वंदना और मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नियमतुला फरीदी ने शहर की विभिन्न सड़कों के किनारे स्थलों का निरीक्षण किया।

टीम ने नगर भवन के आसपास, आईटीआई रोड, डीएवी स्कूल के पास नहर किनारे समेत कई स्थानों का जायजा लिया। अधिकारियों ने दुकानों के लिए उपलब्ध जगह, लोगों की आवाजाही और क्षेत्र की उपयोगिता को देखते हुए संभावित स्थलों का सर्वे किया।

अलग-अलग सामान के लिए अलग जोन बनाने की योजना

नगर परिषद की योजना के अनुसार स्मार्ट शहरों की तर्ज पर बाजार को अलग-अलग श्रेणियों में व्यवस्थित किया जाएगा। एक स्थान पर फल की दुकानें, दूसरे स्थान पर सब्जी की दुकानें तथा अलग क्षेत्र में मांस और मछली की दुकानें लगाने की योजना है।

इससे दुकानदारों को एक निश्चित स्थान मिलेगा और खरीदारी करने वाले लोगों को भी अपनी जरूरत का सामान आसानी से मिल सकेगा।
नगर परिषद ने इस योजना को धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू कर दी है।

फिलहाल फाइबर से बनी एक डिजाइनर दुकान मंगाकर नगर परिषद में रखी गई है। स्थल का सर्वे और चयन पूरा होने के बाद दुकानों को संबंधित लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, योजना के लागू होने से शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ फुटपाथ और सड़क किनारे लगने वाले बाजार को भी व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।