विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

70 किमी की दूरी तय करने में लगते हैं ढाई घंटे, अब बक्‍सर में चौसा-कोचस-सासाराम हाईवे पर बनेगा टोल प्लाजा

Published: Thu, 29 Oct 2026 04:01 PM (IST)

चौसा-कोचस-सासाराम स्टेट हाईवे पर राजपुर और जमौली के बीच टोल प्लाजा बनाने की तैयारी है, जिसके लिए सर्वे पूरा हो ...और पढ़ें

चौसा-कोचस हाईवे पर टोल प्‍लाजा बनाने का व‍िरोध। सांकेत‍िक तस्‍वीर

चौसा-कोचस हाईवे पर टोल प्‍लाजा बनाने का व‍िरोध। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. चौसा-सासाराम हाईवे पर टोल प्लाजा निर्माण की तैयारी।

  2. खराब सड़क के कारण स्थानीय लोग कर रहे विरोध।

  3. 70 किलोमीटर की दूरी तय करने में लग रहे ढाई घंटे।

जागरण संवाददाता, बक्सर। चौसा-कोचस-सासाराम स्टेट हाईवे पर राजपुर और जमौली के बीच सड़क निर्माण विभाग द्वारा टोल प्लाजा बनाने की तैयारी की जा रही है।

इसके तहत स्थल के लिए सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है। प्रभारी कार्यपालक अभियंता विभूति चंद के अनुसार जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

हालांकि, सड़क की जर्जर हालत को सुधारे बिना टोल प्लाजा स्थापित करने की योजना को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष है और वे इसका कड़ा विरोध कर रहे हैं।

सड़क मरम्मत की बजाय टोल प्लाजा बनाने पर स्थानीय लोगों का विरोध

स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क की वर्तमान स्थिति बेहद बदहाल है, जिसके कारण आए दिन वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

क्षेत्र के आवागमन के लिहाज से यह स्टेट हाईवे अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है।

ऐसे में लोगों का तर्क है कि टोल प्लाजा निर्माण से पहले इस मार्ग की मरम्मत और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है।

70 किलोमीटर की दूरी तय करने में लग रहा है ढाई घंटे से अधिक समय

यह राज्य राजमार्ग बीते कई वर्षों से बुरी हालत में है। बीच में एकाध बार मरम्मत हुई, लेकिन वाहनों के दबाव के सामने टिकाऊ साबित नहीं हो सकी।

इस हाईवे पर करीब 70 किलोमीटर की दूरी तय करने में वाहनों को फिलहाल ढाई घंटे से अधिक का वक्त लग रहा है। खराब सड़क से बचने के लिए लोग विकल्प के तौर पर समांतर ग्रामीण सड़कों का उपयोग करने लगे हैं। 

इसके कारण उन सड़कों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया है। खासकर ईसापुर-संगरांव-खीरी मार्ग पर वाहन पहले से अधिक चल रहे हैं।