विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बक्सर में लेडी सुपरवाइजर पदों पर वैकेंसी, 10 साल के अनुभव वाली आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए सुनहरा अवसर

Published: Fri, 09 Oct 2026 03:14 PM (IST)

बक्सर में समेकिन बाल विकास परियोजना (ICDS) ने आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए 22 महिला पर्यवेक्षिका पदों पर संविदा आधारित नियोजन प्रक्रिया शुरू की है।

10 साल के अनुभव वाली आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए सुनहरा अवसर (AI Generated Image)

10 साल के अनुभव वाली आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए सुनहरा अवसर (AI Generated Image)

HighLights

  1. 22 महिला पर्यवेक्षिका पदों पर संविदा आधारित नियोजन प्रक्रिया शुरू।

  2. आंगनबाड़ी सेविकाएं 21 अक्टूबर से 19 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन।

  3. न्यूनतम 10 वर्ष सेवाकाल और मैट्रिक योग्यता आवश्यक है।

जागरण संवाददाता, बक्सर। समेकिन बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस) की जिला प्रोग्राम शाखा आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए महिला पर्यवेक्षिका (लेडी सुपरवाइजर) के रिक्त पदों पर संविदा आधारित नियोजन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

समाज कल्याण विभाग के दिशा-निर्देशों के आलोक में कुल 22 रिक्त पदों पर यह नियोजन प्रक्रिया शुरू की गई है।

आरक्षण रोस्टर के तहत अनारक्षित वर्ग के लिए आठ, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए पांच, पिछड़ा वर्ग के लिए तीन, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए दो, अनुसूचित जाति के लिए दो, अनुसूचित जनजाति के लिए एक तथा पिछड़े वर्ग की महिला के लिए एक पद आरक्षित किया गया है।

इच्छुक एवं पात्र आंगनबाड़ी सेविकाएं 21 अक्टूबर से 19 नवंबर की शाम 5:00 बजे तक जिले की आधिकारिक वेबसाइट अथवा संबंधित वेब पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी।

ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन की स्व-अभिप्रमाणित प्रति के साथ मैट्रिक व उच्चतर शैक्षणिक अंक पत्र, अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा निर्गत आवासीय प्रमाण पत्र, राजपत्रित अधिकारी द्वारा निर्गत चरित्र प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) द्वारा जारी कार्य अनुभव प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।

इन सभी दस्तावेजों को निबंधित (रजिस्टर्ड) डाक के माध्यम से 19 नवंबर तक जिला प्रोग्राम पदाधिकारी के कार्यालय में भेजना होगा। लिफाफे के ऊपर बाईं ओर 'आंगनबाड़ी सेविका से महिला पर्यवेक्षिका पद हेतु आवेदन' लिखना जरूरी है। हाथों-हाथ आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

इस पद के लिए आवेदिका का बक्सर जिले की स्थायी निवासी होना आवश्यक है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक या समकक्ष उत्तीर्ण रखी गई है। इसके अलावा, आवेदिका का 1 जनवरी 2026 तक आंगनबाड़ी सेविका के रूप में न्यूनतम 10 वर्ष का सेवाकाल पूरा होना अनिवार्य है।

उम्र सीमा की बात करें, तो 1 जनवरी 2026 को न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 45 वर्ष निर्धारित है, जिसमें अधिकतम उम्र सीमा में 11 वर्ष की छूट का प्रविधान है। उच्चतर शैक्षणिक डिग्रियों एवं राष्ट्रीय अथवा राज्य पुरस्कार प्राप्त सेविकाओं को नियमानुसार बोनस अंक भी मिलेंगे।

अंतिम रूप से चयनित महिला पर्यवेक्षिकाओं को 25,000 रुपये प्रतिमाह का नियत मानदेय दिया जाएगा। इसके साथ ही 120 रुपये प्रति आंगनबाड़ी केंद्र यात्रा भत्ता (अधिकतम 9,000 रुपये प्रतिमाह तक) भी देय होगा।