जागरण संवाददाता, बक्सर। केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद अश्विनी चौबे ने कहा कि कोई हमारी बहू-बेटियों के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश करेगा, तो उसके हाथ काट दिए जाएंगे।

उन्होंने राजद विधायक भाई वीरेंद्र के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि अपनी बहू-बेटी को दूसरे धर्म में सौंप देना चाहिए, तो वे स्वतंत्र हैं।

लेकिन किसी की भी बेटी हो, चाहे राजद के ही किसी नेता की बेटी क्यों न हो, किसी भी सनातन धर्मावलंबी की बेटी हो, तो वह हमारी बेटी है।

सनातन धर्मावलंबी हर धर्म का आदर करता है। बक्सर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि एक वक्त बिहार में अपराध एक अणे मार्ग से तय होता था। पुन: वहीं स्थिति लौट आई है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब लापता कुमार हो गए हैं। जीतनराम मांझी की ओर से भगवान श्रीराम के बारे में दिए गए बयान पर तंज कसते हुए मंत्री ने कहा कि अगर उन्हें लगता है, तो वे रावण की पूजा करें। ऐसा करने से उन्हें किसने रोका है।

राजद विधायक ने क्या कहा था?

राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा था कि बीजेपी के लोग हमेशा हिंदू-मुसलमान करते रहते हैं।

लेकिन पार्टी के कई बड़े नेताओं ने अपनी बेटियों की शादियां मुस्लिम लड़कों के साथ की है।

राजद नेता ने लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी का नाम लेते हुए भाजपा से सवाल पूछा कि अगर मुसलमान इतने बुरे हैं तो भाजपा के इन नेताओं ने अपनी बेटियों की शादियां उनसे क्यों की।

बीजेपी नेताओं को पहले अपनी बेटियों को उनसे बचाना चाहिए। इसके बाद किसी के हक की बात करनी चाहिए।

पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं कार्यकर्ता, संगठन को बनाएं मजबूत : अश्विनी चौबे

इससे पहले केंद्रीय मंत्री ने भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष समेत पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी की तरह हैं।

संगठन को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सभी को साथ लेकर मजबूत संगठन बनाकर आगे बढ़ना है। उन्होंने आह्वान किया कि लोकसभा व विधानसभा चुनाव में पार्टी को रिकार्ड मतों से जीत दिलाना है।

शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में केंद्रीय मंत्री चौबे नवनियुक्त जिला अध्यक्ष विजय सिंह, पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे।

इसके पहले ब्रह्मपुर पहुंचने पर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। उसके उपरांत सर्किट हाउस में भाजपा संगठन को मजबूत बनाने सहित अन्य विषयों पर चर्चा की गई।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं को पार्टी के हित में कार्य कर संगठन को मजबूत बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है।

बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक कार्यकर्ताओं की रायशुमारी से ही संगठन में कार्य होता है। उन्होंने निष्ठावान व युवा कार्यकर्ताओं से धरातल पर कार्य करने, संगठन को सर्वोच्च शिखर पर ले जाने की बात कही।

साथ ही राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार चलाए जाने वाले कार्यक्रमों, अभियानों को सफल बनाने का आह्वान किया।

मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार सिंह, राजवंश सिंह, कतवारू सिंह, सतेंद्र कुंवर, मृत्युंजय सिंह, सुनील राम, रुपेश मिश्रा, दिलीप मिश्रा, नवीन राय, पूनम रविदास, इंदु देवी, सौरभ तिवारी, अजय चौबे, राहुल आनंद, राहुल दुबे, अजय तिवारी आदि मौजूद थे।

Edited By: Yogesh Sahu