बक्सर में आपसी विवाद के बाद दो की चाकू घोंपकर हत्या, मौत के बाद घंटों पड़ा रहा शव Buxar News
बक्सर में शनिवार की रात आपसी विवाद के बाद दो लोगों की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वारदात में दो को पुलिस ने शव के आधार पर हिरासत में लिया है।
बक्सर, जेएनएन। जिले के बगेन थाना अंतर्गत कुरुथिया गांव में शनिवार की देर रात आपसी विवाद में दो लोगों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। सूचना के अनुसार दोनों युवक रात सवा नौ बजे गांव के पास बगीचे में मौजूद थे, तभी उनका कुछ लोगों से विवाद हुआ और उसी में दोनों की हत्या कर दी गई।
सूचना पर जांच के लिए पुलिस पहुंची। वारदात के काफी देर बाद तक मृतकों का शव बगीचे में ही पड़ा रहा। डुमरांव के पुलिस उपाधीक्षक केके सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस मामले में गांव के दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। मृतकों की पहचान कुरुथिया के प्रदीप साह (35) एवं बरुहां के जोगिन्दर पांडेय (25) के रूप में हुई है। आपराधिक घटनाओं के लिए बरूहां पहले से चर्चित रहा है। घटना को लेकर गांव में दहशत का माहौल है और कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
इधर, डीएसपी ने कहा कि दूरदराज इलाके में देर रात की घटना है और अभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बक्सर भेजने की व्यवस्था की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।