गजाधरगंज मारपीट मामले में 9 को जेल, 20 की तलाश
बक्सर। बुधवार को नगर थानाक्षेत्र के गजाधरगंज में हुई भीषण मारपीट के मामले में दोनों पक्ष से नौ लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया। इसके साथ ही मामले में 20 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिनकी पुलिस तलाश करने में लगी है।
बक्सर। बुधवार को नगर थानाक्षेत्र के गजाधरगंज में हुई भीषण मारपीट के मामले में दोनों पक्ष से नौ लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया। इसके साथ ही मामले में 20 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिनकी पुलिस तलाश करने में लगी है।
बुधवार को रणक्षेत्र में तब्दील हुए गजाधरगंज के मामले में पुलिस काफी सख्ती के साथ कार्रवाई करने में जुटी हुई है। मारपीट की इस घटना में जहां एक दर्जन से अधिक लोग जख्मी हुए थे, वहीं पुलिस ने दोनों पक्ष से कुल नौ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसकी जानकारी देते प्रभारी थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि मारपीट में दोनों पक्ष की ओर से काउंटर केस दर्ज किया गया है। जिसमें जेल जाने वालों में सुनील गुप्ता के परिवार से उनके पांच लड़कों सुशील गुप्ता, सोनू गुप्ता, अमित गुप्ता, सुजीत गुप्ता, बॉबी गुप्ता तथा कृष्णा गुप्ता के नाम शामिल हैं। जबकि दूसरे पक्ष के गुड्डन राय, राजन राय, पवन यादव और बुदकी महतो को जेल भेजा गया है। इसके अलावा सुनील गुप्ता के पक्ष के लगभग 20 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिन्हें जेल भेजने के लिए पुलिस तलाश करने में लगी है। बताते चलें कि बुधवार की सुबह लगभग 10.30 बजे गजाधरगंज पूरी तरह रणक्षेत्र में तब्दील हो गया था। पूर्व के विवाद को लेकर भिड़े दो पक्षों के बीच जमकर ईंट पत्थर चलने के साथ ही लाठी डंडों की वर्षात हो रही थी। जिससे चारों तरफ अफरा-तफरी मची हुई थी। स्थिति इतनी ही खतरनाक थी कि आम लोगों की कौन कहे पुलिस भी हालात पर काबू पाने में असफल रही थी। जिससे अतिरिक्त पुलिस बल बुलाए जाने के बाद हालात पर काबू पाया जा सका। प्रभारी थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि प्राथमिकी में दर्ज 20 अज्ञात लोगों के बारे में पता लगाया जा रहा है। जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।