महिला से घर में घुसकर सामूहिक दुष्कर्म और फिर हत्या, सबूत मिटाने को शव बालू में दबाया, देवर समेत दो गिरफ्तार
मृतका के पति ने संबंधित थाना में दुष्कर्म व हत्या को लेकर नामजद प्राथमिकी कराई है। इधर भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों श्रीराम राम एवं दारोगा राम को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसमें एक श्रीराम राम रिश्ते में मृतका का देवर लगता है।
जागरण संवाददाता,आरा: भोजपुर जिले में घर में अकेली 30 साल की युवती के साथ पहले सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इसके बाद गला दबाकर उसकी निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। इसके साथ ही सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने शव को बालू में गाड़ दिया गया। घटना चांदी थाना के एक गांव की है।
इस मामले में मृतका के पति ने संबंधित थाना में दुष्कर्म व हत्या को लेकर नामजद प्राथमिकी कराई है। इधर, भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों श्रीराम राम एवं दारोगा राम को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसमें एक श्रीराम राम रिश्ते में मृतका का देवर लगता है, जबकि, दूसरा पड़ोसी है। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने गांव के सोन नदी के किनारे पुल के पास बालू में छिपाए गए शव को बरामद कर लिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के समय दोनों नशे की हालत में थे। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। इधर,बुधवार को सदर अस्पताल में शव के पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों की टीम ने दुष्कर्म के बिंदु पर जांच के लिए स्वाब प्रिजर्व किया है। घटना 15-16 मई की देर रात 12 बजे के आसपास की है। घटना की रात मृतका का पति गांव में ही एक शादी समारोह में गया हुआ था, जबकि, उसकी पत्नी एवं दो बच्चे घर पर ही थे।
इस दौरान, शराब के नशे में टल्ली दोनों आरोपी महिला के घर में घुस गए। इसके बाद घर के एक कमरे में दोनों ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। दोनों आरोपित शव को लेकर गांव के दक्षिण सोन नदी किनारे लेकर चले गए। पुल के पास बालू के अंदर महिला के शव को गाड़ दिया। सुबह पति के शादी समारोह से घर वापस आने के बाद वारदात की जानकारी हुई।