जयमाला के स्टेज से कूदकर भागा दूल्हा, दुल्हन देखती रह गई, जानिए वजह
पति दूसरी शादी रचा रहा था। जयमाला के लिए जैसे ही वह स्टेज पर पहुंचा और दुल्हन जयमाला पहनाने ही वाली थी कि पहली पत्नी पुलिस के साथ आ पहुंची। दूल्हा जयमाला छोड़कर भाग गया।
भोजपुर, जेएनएन। दूल्हा जयमाला करने के लिए स्टेज पर पहुंचा और दुल्हन जैसे ही जयमाला डालने वाली थी कि दूल्हा स्टेज से कूदकर फरार हो गया और दुल्हन आश्चर्य से देखती रह गई। तुरत उसकी नजर पुलिस पर पड़ी जिसे देखकर दूल्हा भागा था। दरअसल, वह दूसरी शादी कर रहा था और इसकी भनक लगते ही पत्नी पुलिस के साथ शादी में जा पहुंची थी।
घटना गुरुवार की रात आरा जिले के आनंद नगर मुहल्ले की है। जहां एक शादी समारोह के उत्सवी रंग में उस समय भंग पड़ गया जब पुलिस को देखकर दूल्हा को ही मंडप छोड़ भागना पड़ा। इसे लेकर काफी देर अफरातफरी मची रही। मामला दूसरी शादी करने से जुड़़ा है।
पुलिस इस मामले में दूल्हा पक्ष के लोगों से पूछताछ कर रही है। इसे लेकर दूल्हा की पहली पत्नी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा कि बक्सर जिले के सिकरौल थाना के घुंसारी गांव निवासी मोहन मिश्रा की पुत्री पूजा की शादी दो जुलाई 2813 को भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना के शिवपुर गांव निवासी फौजी सनोज पांडेय के साथ हुई थी।
वैवाहिक कार्यक्रम यूपी के लखनऊ से हुआ था। चूंकि , लड़का पक्ष के लोग वहीं पर रहते है। इस बीच दहेज प्रताड़ना को लेकर विवाहिता पूजा ने साल 2015 में बक्सर कोर्ट में केस किया था। इधर, कन्या पक्ष के लोगों को जानकारी मिली कि सनोज आरा के आनंद नगर मुहल्ला में सहार इलाके की एक लड़की से दूसरी शादी रचा रहा है। जिसके बाद पहली पत्नी पूजा टाउन थाना पहुंच गई।
इसके बाद पुलिस को घटना के बारे में बताया। फिर पहली पत्नी पुलिस को लेकर आनंद नगर मुहल्ला में पहुंच गई । जहां पर उसका पति दूसरी शादी रचा रहा था। पुलिस को देखते ही दूल्हा मंडप छोड़कर फरार हो गया। बाराती से लेकर शराती तक हतप्रभ हो गए। वैवाहिक कार्यक्रम भी रूक गया। दूल्हा के पहले से शादीशुदा होने की बात सुनकर लड़की वाले भी हैरान थे।