साइड नहीं देने पर मामा-भांजा की पिटाई
सिकरहटा थाना के पनवारी गांव के समीप रोडरेज में मामा और भांजा की सरेआम पिटाई कर दी गई।
आरा। सिकरहटा थाना के पनवारी गांव के समीप रोडरेज में मामा और भांजा की सरेआम पिटाई कर दी गई। लाठी-डंडा व लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप है। मंगलवार को पिटाई से घायल मामा-भांजे का इलाज सदर अस्पताल,आरा में कराया गया। घटना के मूल में साइड नहीं दिए जाने को लेकर उपजे विवाद की बात सामने आ रही है। इसे लेकर संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। जिसके आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घायलों में एक को सिर में गंभीर चोट आई है। हमले में सिकरहटा थाना के कुरमुरी गांव निवासी ज्ञानेश्वर सिंह के पुत्र शुभम तथा चौरी गांव निवासी अजय शर्मा को चोटें आई है। दोनों रिश्ते में मामा-भांजा बताए जाते हैं।
जानकारी के अनुसार सिकरहटा थाना के कुरमुरी गांव से चौरी थाना के चौरी गांव में गवना की एक बरात गई हुई थी। बारात विदाई के बाद शुभम कुमार ट्रैक्टर से गवना का सारा सामान लेकर वापस अपने गांव कुरमुरी आ रहा था। इस दौरान साइड लेने को लेकर बाइक सवार युवकों से वाद-विवाद हो गया। आरोप हैं कि चार की संख्या में रहे आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडा व रॉड से मारकर शुभम को घायल कर दिया। बाद में घायल ने फोन कर अपने मामा को बुलाया। आरोप हैं कि चौरी से आए घायल के मामा अजय शर्मा की भी पिटाई कर दी गई। घायल ने पनवारी गांव के चार युवकों पर मारपीट किए जाने का आरोप है। नकदी व मोबाइल छीने जाने का आरोप है। पुलिस छानबीन कर रही है।