आरा में ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत
दानापुर रेलवे मंडल अन्तर्गत पटना-पीडीडीयू रेलखंड पर कारीसाथ- बिहिया स्टेशन के बीच ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई।
आरा। दानापुर रेलवे मंडल अन्तर्गत पटना-पीडीडीयू रेलखंड पर कारीसाथ- बिहिया स्टेशन के बीच ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई। सोमवार की सुबह शव बरामद किया गया। इसे लेकर पुलिस ने यूडी केस दर्ज किया है। शवों का पोस्टमार्टम सोमवार को सदर अस्पताल, आरा में कराया गया। पहला हादसा बिहिया रेलवे स्टेशन के अप लाइन पर हुआ। जिसमें एक मजदूर की जान चली गई। मृतक 40 वर्षीय सत्येन्द्र साह धोबहां ओपी क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी नन्हकु साह का पुत्र था।मृतक के परिजनों ने बताया कि वह करीब पांच वर्षों से बिहिया थाना क्षेत्र के जज भड़सरा गांव स्थित अपने ससुराल में ही रहता था। पेशे से मजदूरी करता था। पूर्व में वह बाहर में रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करता था।वह हर रोज की तरह सोमवार की सुबह भी मजदूरी करने के लिए घर से निकला था कि उसी दौरान वह बिहिया स्टेशन के समीप अप लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गांव का ही एक युवक अपने ऑटो से रिजर्व सवारी लेकर बिहिया स्टेशन के समीप गया था,तभी उसकी नजर मृतक पर पड़ी।जिसके बाद उसने पहचान की। इसके बाद इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी।सूचना मिलते ही मृतक परिजन स्टेशन पहुंच गए। बताया जाता है कि मृतक के परिवार में पत्नी सविता देवी,व दो पुत्र गोलू एवं पवन है। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया।हादसे के बाद मृतक की पत्नी सबीता देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। दूसरी ओर, बिहिया एवं कारीसाथ स्टेशन के बीच डाउन लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात 38 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बाद में शव बरामद किया गया। हादसे को लेकर लोगों के बीच अफरातफरी मची रही। हादसे की सूचना मिलते ही आरा रेल थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस की मानें तो प्रथम ²ष्टया युवक की मौत चलती ट्रेन की चपेट में आने से होना प्रतीत होता है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।